देश

वोटर लिस्ट पर राहुल गांधी ने फिर उठाए सवाल, कहा- महाराष्ट्र चुनाव में हुई धांधली

कांग्रेस नेता ने कहा, चुनाव आयोग ने डेटा देने से किया इनकार; हरियाणा और MP के नतीजों पर भी उठाए सवाल

Lucknow Focus News Desk: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं, जिस वजह से जनता का भरोसा कम हो रहा है। उन्होंने महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों का उदाहरण देते हुए अपनी बात रखी।

कांग्रेस सांसद ने लगाए गंभीर आरोप

राहुल गांधी ने कहा कि संविधान की नींव वोट है, इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि सही लोग ही वोट डालें। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र चुनाव में धांधली हुई है, जहां 40 लाख वोट संदिग्ध हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में हमारे गठबंधन की शानदार जीत हुई, लेकिन विधानसभा चुनाव में हमें पूरी तरह से हार का सामना करना पड़ा, जो बहुत ही संदिग्ध है।

राहुल ने कहा कि हमारे विश्लेषण में पता चला है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच 1 करोड़ नए मतदाता जोड़े गए। उन्होंने कहा कि हमने इस मुद्दे को चुनाव आयोग के सामने उठाया और इलेक्ट्रॉनिक डेटा भी मांगा, लेकिन आयोग ने हमें डेटा देने और जवाब देने से इनकार कर दिया।

BJP पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि हर लोकतंत्र में सरकार के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर होती है, लेकिन बीजेपी एकमात्र ऐसी पार्टी है जो इससे प्रभावित नहीं होती। उन्होंने हरियाणा और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि एग्जिट पोल, ओपिनियन पोल और कांग्रेस के अपने सर्वे कुछ और दिखा रहे थे, लेकिन नतीजे बिल्कुल विपरीत आए, जिसमें बहुत बड़ा अंतर था।

उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में हजारों ऐसे नाम हैं जिनके पते शून्य हैं या तस्वीरें नहीं हैं। जब हम इन पतों पर जाते हैं तो पता चलता है कि वहाँ कोई रहता ही नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा, क्योंकि वह जानता है कि वह सच बोल रहे हैं।

Also Read: धराली में कुदरत का कहर: बादल फटा, भूस्खलन से तबाही, आंखों में आंसू लेकर पहुंचे सीएम धामी

Related Articles

Back to top button