उत्तर प्रदेश

UP News : पीएम ई-विद्या के पांच चैनलों से बालवाटिका से कक्षा 12 तक डिजिटल शिक्षा का प्रसार

Lucknow Focus News Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ते हुए विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षण सामग्री पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम ई-विद्या के पांच शैक्षिक चैनलों के जरिए बालवाटिका से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए कक्षा और विषय के अनुसार शैक्षिक कार्यक्रमों का प्रसारण किया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य पाठ्यपुस्तकों के साथ दृश्य-श्रव्य माध्यम से सीखने के अवसर बढ़ाना है, जिससे विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार पाठों को समझ सकें और उनका पुनराभ्यास कर सकें।

पांच चैनलों पर कक्षावार व्यवस्था

संयुक्त निदेशक (एसएसए) डॉ. पवन सचान ने बताया कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तर प्रदेश के माध्यम से संचालित इन पांच चैनलों को अलग-अलग कक्षा वर्गों के लिए व्यवस्थित किया गया है।

चैनल 173: बालवाटिका से कक्षा दो तक

चैनल 174: कक्षा तीन से पांच तक

चैनल 175: कक्षा छह से आठ तक

चैनल 176: कक्षा नौ और दस

चैनल 177: कक्षा 11 और 12

कहानियों व गतिविधियों से मजबूत हो रही बुनियाद

SCERT निदेशक गणेश कुमार के अनुसार, प्रारंभिक कक्षाओं में भाषा और गणित की बुनियादी समझ पर विशेष ध्यान दिया गया है।

चैनल 173: प्री-प्राइमरी बच्चों के लिए अपने शब्दों में कहना, संख्या की पूर्व अवधारणा और अक्षर जोड़कर शब्द बनाना जैसे विषय शामिल हैं, जबकि कक्षा 1-2 के लिए गिनती, छोटी-बड़ी संख्याओं की पहचान, आकृतियों व रंगों की समझ, अक्षरगीत और कहानी आधारित कार्यक्रम प्रसारित होते हैं।

चैनल 174: कक्षा तीन से पांच के लिए हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण अध्ययन की सामग्री उपलब्ध है, जिसमें ‘द बिग लड्डू’, ‘बादल और मोती’, ‘टॉकिंग टॉयज’, ‘हिडन ट्रेजर’, ‘वाराणसी की यात्रा’, ‘आम का पेड़’ और ‘लाल बहादुर शास्त्री’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विषयों को सरल ढंग से समझाया जाता है।

माध्यमिक व उच्च माध्यमिक कक्षाओं की विषयवार सामग्री

चैनल 175 (कक्षा 6 से 8): हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान और गणित के कार्यक्रम।

चैनल 176 (कक्षा 9 और 10): हिंदी, अंग्रेजी और गणित की शिक्षण सामग्री।

चैनल 177 (कक्षा 11 और 12): रसायन विज्ञान, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र और अंग्रेजी जैसे विषयों के कार्यक्रम। इसमें कक्षा 12 के लिए ‘ठोस अवस्था’, ‘राष्ट्र-निर्माण की चुनौतियां’ व ‘संरचनात्मक परिवर्तन’ तथा कक्षा 11 के लिए ‘राजनीतिक सिद्धांत-एक परिचय’, ‘संविधान-क्यों और कैसे’ व अंग्रेजी पाठ ‘द टेल ऑफ मेलॉन सिटी’ जैसे विषय शामिल हैं।

SIET स्टूडियो में निर्माण और डीटीएच-यूट्यूब पर उपलब्धता

इन कार्यक्रमों की शूटिंग SIET के निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल के निर्देशन में SIET स्थित स्टूडियो में विशेषज्ञों की देखरेख में तैयार की जाती है। पीएम ई-विद्या के पांचों चैनल डीटीएच प्रसारण के साथ यूट्यूब (YouTube) पर भी उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक किसी भी समय इन वीडियो के माध्यम से लाभ उठा सकते हैं।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा का संदेश

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि “पीएम ई-विद्या के पांच शैक्षिक चैनलों के माध्यम से हमारा प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी को उसकी कक्षा और विषय के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री उपलब्ध हो। डिजिटल प्रसारण से विद्यार्थी पाठ्यपुस्तकों के साथ दृश्य-श्रव्य माध्यमों से भी विषयों को सरलता से समझ सकेंगे और अपनी सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बना सकेंगे। हमारा उद्देश्य तकनीक के माध्यम से शिक्षा को अधिक रोचक, सहज और सुलभ बनाते हुए प्रत्येक बच्चे के लिए सीखने के नए अवसर उपलब्ध कराना है।”

Related Articles

Back to top button