लखनऊ

Lucknow News: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर राज्यभर में कर्मचारियों का धरना

Lucknow Focus News Desk: अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर मंगलवार को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर कर्मचारियों और शिक्षकों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। लखनऊ में यह प्रदर्शन स्वर्गीय बी.एन. सिंह की प्रतिमा स्थल पर आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में शिक्षक, आउटसोर्स और संविदा कर्मचारी एकजुट होकर जुटे।

धरने के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित 12 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने पुरानी पेंशन लागू करने, रिक्त पदों को भरने और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नियमावली बनाने जैसी मांगों को लेकर गगनभेदी नारे लगाए।

प्रमुख मांगें

  • सभी चार लेबर कोड्स को निरस्त किया जाए।
  • PFRDA एक्ट रद्द कर पुरानी पेंशन बहाल की जाए, साथ ही ईपीएस-95 पेंशनभोगियों को ओपीएस में शामिल किया जाए।
  • प्राथमिक विद्यालयों के विलय का निर्णय वापस लिया जाए।
  • सभी आउटसोर्स और संविदा कर्मियों को नियमित किया जाए।
  • बिजली और सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण पर रोक लगे।
  • रिक्त पदों को नियमित भर्ती से भरा जाए।
  • आठवें वेतन आयोग की अधिसूचना जारी हो और राज्य वेतन आयोग गठित किए जाएं।
  • कर्मचारियों और पेंशनरों के 18 माह के डीए-डीआर का भुगतान किया जाए।
  • सभी कर्मचारियों, पेंशनरों और संविदा कर्मियों के लिए समग्र कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की जाए।
  • राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को रद्द किया जाए।
  • संविधान के अनुच्छेद 310 और 311(2) (a), (b), (c) को निरस्त किया जाए।

प्रदेश कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष कमल अग्रवाल ने कहा कि सरकार पुरानी पेंशन बहाली को लेकर उदासीन है, जिससे कर्मचारियों और शिक्षकों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बनाई गई नियमावली उन्हें बंधुआ मजदूर बना रही है, जिससे उनमें असुरक्षा की भावना घर कर गई है।

धरना सभा को महासंघ के संरक्षक एस.पी. सिंह, प्रांतीय अध्यक्ष कमल अग्रवाल, राष्ट्रीय पार्षद निधि, संदीप पांडेय, मंसूर अली, रंजीत कुमार, रामभजन मौर्य, देवेंद्र यादव, सुनील यादव, आकाश मौर्य सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अफीफ सिद्दीकी ने तथा संचालन विनोद चौधरी ने किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बलिया, आजमगढ़, झांसी, प्रयागराज, अलीगढ़, गाजीपुर, कानपुर, एटा, सहारनपुर सहित कई जिलों से भी बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।

Related Articles

Back to top button