उत्तर प्रदेश

संभल में महिला की पिटाई का मामला राज्य मानवाधिकार आयोग पहुंचा

संभल/लखनऊ (वि.)। मानवाधिकार एक्शन फोरम के अध्यक्ष अधिवक्ता शुभम द्विवेदी ने एक वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग में मामला पंजीकृत कराया है। उन्होने बताया कि उत्तर प्रदेश के संभल जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कुछ लोगों ने विधवा महिला को उसके प्रेमी के साथ पेड़ से बांध कर तीन घंटे तक नाबालिग बच्चों के सामने बेरहमी से पीटा। मां को पिटता देख एक बच्चा रोते-रोते हुए बेहोश हो गया। महिला के प्रेमी को पीटने के बाद गांव में घुमाया गया। वहीं, विधवा महिला का कहना है कि वह प्रेमी के साथ शादी करके फिर से घर बसाना चाहती है, लेकिन समुदाय के लोग इसके खिलाफ हैं। उन लोगों ने हम दोनों लोगों को मार-पीटा और बेइज्जत किया।

जुनावई थाना क्षेत्र की एक गांव की रहने वाली 34 वर्षीय विधवा महिला बुधवार शाम को करीब तीन बजे अपने प्रेमी के साथ भूसा भरने के लिए टटिया बना रही थी। इसी दौरान विधवा के परिवार के लोग आ गए और मारपीट करने लगे। पहले प्रेमी को दालान (बैठका) में पेड़ से बांधकर पीटा। इसके बाद परिवार को लोग विधवा महिला को घसीटते हुए दालान तक लेकर आए और प्रेमी के साथ बांध दिया। विधवा बच्चों के सामने दोनों को कई घंटों तक लोग पीटते रहे। ये सब देखते हुए एक बच्चा बेहोश हो गया। ग्रामीणों ने दोनों को छुड़ाया। विधवा महिला के पति की पांच साल पहले मौत हो चुकी है।

अधिवक्ता शुभम द्विवेदी ने मांग की है कि विधवा महिला शादी करना चाहती है महिला को शादी करने का विधिक अधिकार है। उसकी विधि विधान से शादी कराई जाए जिससे वह स्वयं का एवं अपने बच्चो का पालन पोषण आसानी से कर सके। साथ ही जिन लोगो ने सार्वजनिक स्थान पर महिला एवं उसके प्रेमी को मारा पीटा फिर पूरे गाँव में घुमाया उनकी उच्च स्तरीय जाँच करते हुए कार्रवाई की जाए|

यह जानकारी फोरम के प्रदेश प्रवक्ता प्रशांत शर्मा ने दी।

 

Related Articles

Back to top button