Chandauli News: चंदौली में सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर घर में घुसकर बर्बर हमला, ओपी राजभर भड़के

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) की महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल पर उनके घर में घुसकर हुए जानलेवा हमले के बाद सूबे की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। सुभासपा (SBA) अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इस बर्बरता को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए इसे ‘यादववादी जंगलराज’ करार दिया है।
यह पूरी वारदात चंदौली के मड़िया गांव की है, जहां पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारेलाल यादव के परिजनों ने गार्गी पटेल के घर में घुसकर उन पर लात-घूसों और धारदार तरीके से हमला कर दिया। हमलावरों ने गार्गी सिंह के बाल पकड़कर घसीटा और पीटकर उनका सिर फोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल सपा नेत्री को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले की यह पूरी खौफनाक वारदात घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
राजभर का अखिलेश पर तीखा प्रहार
इस वारदात के बाद सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को सीधे कटघरे में खड़ा करते हुए जमकर भड़ास निकाली है। राजभर ने इस घटना की तुलना सीधे महाभारत काल से करते हुए कहा “महाभारत में दुर्योधन के दरबार में द्रौपदी का अपमान हुआ था और बड़े-बड़े महारथी चुप बैठे थे, आज समाजवादी पार्टी में भी ठीक वही दृश्य दिखाई दे रहा है। पिछड़ा वर्ग की सपा महिला विधायक से मारपीट पर अखिलेश की चुप्पी अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि चंदौली में उनकी ही पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष को सपाई गुंडों ने पीट दिया। आप लोगों का हश्र भी कौरवों जैसा ही होगा।”
“क्या यही है आपका PDA?”
राजभर ने आरोप लगाया कि जब पिछड़ा समाज (कुर्मी) की बेटी को चार-चार लोग मिलकर बेरहमी से पीट रहे थे और गाली देते हुए घसीट रहे थे, तब पूरा ‘लाल टोपी गैंग’ बस तमाशा देखता रहा। उन्होंने अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या यही आपका पीडीए है?
उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी अब सिर्फ ‘स्वजातीय गुंडों’ की पार्टी बन चुकी है, जहां गैर-यादव पिछड़ों और दलितों को सिर्फ गाली-गलौज, मारपीट और अपमान ही सहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ‘ट्विटर, एसी और पीसी’ (प्रेस कॉन्फ्रेंस) करने वाले नेता जी को थोड़ी शर्म करनी चाहिए, क्योंकि उनकी पार्टी में न प्रजापति समाज सुरक्षित है और न ही कुर्मी समाज।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख के कुनबे पर एफआईआर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की पृष्ठभूमि को लेकर बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारेलाल यादव खुद गार्गी पटेल के घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके पीछे से पहुंचे उनके बेटे, बेटी और पत्नी का गार्गी पटेल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
गार्गी सिंह को पीटने वाले नामजद आरोपियों में शामिल हैं।
प्यारे लाल यादव का बेटा मनोज यादव
दूसरा बेटा अमित यादव
बेटी डाली यादव
पत्नी उर्मिला यादव
इस मामले में चंदौली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए देर रात ही आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमले की गंभीर धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।




