उत्तर प्रदेशलखनऊहेल्थ एंड वेलनेस

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर उत्तर प्रदेश में HIV/AIDS के खिलाफ दो महीने के सघन जागरूकता अभियान की शुरुआत

Lucknow Focus News Desk: अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी (UPSACS) द्वारा राज्य भर में HIV/AIDS के प्रति व्यापक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दो महीने तक चलने वाले सघन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस प्रदेशव्यापी अभियान की आधिकारिक लॉन्चिंग UPSACS के अपर परियोजना निदेशक रविन्द्र कुमार द्वारा की गई।

नेशनल पी.जी. कॉलेज में भव्य उद्घाटन व मानव श्रृंखला

उद्घाटन कार्यक्रम UPSACS और नेशनल पी.जी. कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में कॉलेज के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। HIV/AIDS के प्रति जागरूकता और सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश देने के लिए युवाओं ने मानव श्रृंखला का निर्माण किया तथा इसके विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।  युवाओं ने पोस्टर मेकिंग एवं रील मेकिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।

‘i-Scan’ पहल और स्वयं जोखिम का आकलन

कार्यक्रम में UPSACS के संयुक्त निदेशक (JD) रमेश चन्द्र श्रीवास्तव ने अभियान के मुख्य उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने i-Scan (“अनुमान न लगाएं, स्कैन करें”) पहल के बारे में बताते हुए युवाओं और आम जनता को अपने HIV जोखिम का स्वयं आकलन (Self-Risk Assessment) करने के लिए प्रेरित किया, ताकि सही जानकारी के आधार पर लोग जागरूक निर्णय ले सकें।

भ्रम, भेदभाव मिटाने और समय पर जांच पर जोर

कार्यक्रम के दौरान संयुक्त निदेशक डॉ. गीता अग्रवाल एवं डॉ. संजय सोलंकी ने HIV/AIDS से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने HIV के संक्रमण के कारणों, बचाव, जांच व उपचार के साथ-साथ समाज में फैले भ्रम और भेदभाव को दूर करने के विषय में युवाओं को जागरूक किया।

प्रदेशव्यापी अभियान और ‘एड्स मुक्त उत्तर प्रदेश’ का आह्वान

अपर परियोजना निदेशक रविन्द्र कुमार ने युवाओं, सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं से अपील की कि आगामी दो महीनों तक पूरे उत्तर प्रदेश के जनपद, ग्रामीण और समुदाय स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार गतिविधियां चलाई जाएं।

उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही भ्रांतियों व भेदभाव को कम किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सही जानकारी, समय पर जांच और उपचार के माध्यम से HIV के प्रसार को रोककर उत्तर प्रदेश को एड्स मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button