स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, रिचार्ज खत्म होने पर 30 दिन तक नहीं कटेगी बिजली

Lucknow Focus News Desk: स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की चिंताओं के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। अब एक किलो वॉट तक के घरेलू उपभोक्ताओं का रिचार्ज खत्म होने पर उनकी बत्ती तत्काल गुल नहीं होगी। विभाग ने रिचार्ज कराने के लिए दी जाने वाली 3 दिन की मोहलत को बढ़ाकर अब 30 दिन कर दिया है।
इन उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ
मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी के अनुसार, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम (DVVNL) के आगरा जोन में इस व्यवस्था से लगभग 2 लाख उपभोक्ताओं को सीधा फायदा होगा।
1 किलो वॉट कनेक्शन: रिचार्ज खत्म होने के बाद 30 दिन का ग्रेस पीरियड मिलेगा।
2 किलो वॉट से अधिक: इन उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई राहत नहीं है, उन्हें समय पर रिचार्ज कराना अनिवार्य होगा।
स्मार्ट मीटर के फायदे: बिजली होगी सस्ती
विद्युत विभाग स्मार्ट मीटर को बढ़ावा देने के लिए उपभोक्ताओं को आकर्षित भी कर रहा है। मुख्य अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को बिजली की दरों में 2 प्रतिशत की छूट मिलेगी। साथ ही, अब मैनुअल बिलिंग पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे गड़बड़ी की आशंका खत्म हो जाएगी।
मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कराना अनिवार्य
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना मोबाइल नंबर पोर्टल पर जरूर रजिस्टर्ड कराएं।
मोबाइल नंबर पर ही बिल और रिचार्ज खत्म होने संबंधी अलर्ट मिलेंगे।
उपभोक्ता uppcl.org के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन बिल जमा कर सकते हैं।
जागरूकता के लिए लगेंगे 114 शिविर
आगरा जोन में कुल 4.50 लाख उपभोक्ता हैं, जिनमें से 1.70 लाख के घरों में स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। शेष 2.70 लाख घरों में मीटर बदलने का काम जारी है। जिन 22 हजार उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिल जमा नहीं किया है, उन्हें जागरूक करने और समस्याओं के समाधान के लिए विभाग 114 केंद्रों पर शिविर आयोजित करने जा रहा है।




