रेडक्रॉस दिवस पर बाराबंकी जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित, मरीजों को वितरित किए फल

Lucknow Focus News Desk: पीड़ित मानवता की सेवा के संकल्प के साथ जिला अस्पताल, बाराबंकी में रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रामा सेंटर में भर्ती मरीजों को फल भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अवधेश कुमार यादव ने किया।

डॉ. यादव ने रेडक्रॉस के इतिहास और इसकी निष्पक्ष सेवाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 1863 में स्विट्जरलैंड के जेनेवा में हेनरी ड्यूना द्वारा स्थापित यह संस्था आज दुनिया के 186 देशों में मानव सेवा का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि युद्ध और आपदा में जब रेडक्रॉस के स्वयंसेवक सहायता के लिए पहुंचते हैं, तो मानवता के प्रति सम्मान के चलते युद्ध भी रुक जाते हैं। यह संस्था जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर कार्य करती है और इसे दो बार नोबेल शांति पुरस्कार मिल चुका है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद पाल सिंह ने सभी को रेडक्रॉस दिवस की बधाई दी। रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन शैलेन्द्र सिंह ने विश्व रेडक्रॉस दिवस के साथ-साथ विश्व थैलीसीमिया दिवस की भी शुभकामनाएं दीं और सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
वाइस चेयरमैन हुमायूँ नईम खान ने संस्था की वैश्विक उपस्थिति की जानकारी दी और बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष भारत के राष्ट्रपति होते हैं, जबकि राज्य स्तर पर राज्यपाल एवं जिला स्तर पर डीएम, सीएमओ, सीडीओ सहित अन्य अधिकारी कार्यकारिणी का हिस्सा होते हैं।
इस अवसर पर संरक्षक सदस्य आशीष सिंह, अंकुर माथुर, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष रोहिताश्व दीक्षित, कार्यकारिणी सदस्य चंद्रशेखर कांडपाल, डॉ. सुविद्या वत्स, जिला पंचायत सदस्य नेहा सिंह आनंद, आजीवन सदस्य रत्नेश कुमार, एडवोकेट राहुल, कमलेश कुमार, राजेन्द्र त्रिपाठी, सुभाष चंद्र सहित दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे।




