उत्तर प्रदेश

गोण्डा: करनैलगंज का नाम बदलने की मांग तेज, विधायक अजय कुमार सिंह बोले- शीघ्र होगी घोषणा

Lucknow Focus News Desk: अवध संस्कृति उत्कर्ष समिति भारत के एक प्रतिनिधिमंडल ने करनैलगंज के विधायक अजय कुमार सिंह से मुलाकात कर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए क्षेत्र का नाम बदलने के संबंध में ज्ञापन सौंपा। विधायक अजय कुमार सिंह ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए आश्वासन दिया कि वह इस प्रस्ताव को शीघ्र ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखेंगे।

नाम परिवर्तन की मांग क्यों?

समिति द्वारा विधायक को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ‘करनैलगंज’ नाम अंग्रेजी शासनकाल में सन् 1853 में तत्कालीन ब्रिटिश अधिकारी कर्नल विंग फील्ड के नाम पर रखा गया था, जो क्षेत्र की ऐतिहासिक गरिमा से मेल नहीं खाता।

यह भूमि प्राचीन काल से “सूकर खेत” के नाम से प्रसिद्ध रही है, जिसका उल्लेख स्थानीय लोककथाओं, पुरातात्त्विक साक्ष्यों और लोकजीवन में आज भी जीवंत है। यह नाम इस क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, पौराणिक परंपरा और धार्मिक महत्व के अनुरूप है। स्थानीय जनता सर्वसम्मति से इस पावन भूमि की पहचान को पुनः “सूकर खेत” के रूप में स्थापित करने की मांग कर रही है।

विधायक का आश्वासन

विधायक अजय कुमार सिंह ने समिति की भावनाओं का सम्मान करते हुए ज्ञापन को अनुमोदित किया। उन्होंने कहा, “यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और अस्मिता की पुनर्स्थापना का कार्य है।” उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर इस प्रस्ताव को प्रस्तुत करेंगे।

समिति का उद्देश्य

अवध संस्कृति उत्कर्ष समिति भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने कहा कि संस्था का मूल उद्देश्य अवध की सांस्कृतिक अस्मिता को पुनर्जीवित करना है। उन्होंने कहा, “सूकर खेत” नाम केवल एक भू-भाग की पहचान नहीं, बल्कि अवध की गौरवशाली परंपरा और भारतीय संस्कृति की जड़ों का प्रतीक है।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस ऐतिहासिक निर्णय को शीघ्र मूर्त रूप देंगे।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश कुमार सिंह, प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व निजी सचिव गृह राज्य मंत्री भारत सरकार राजेश सिंह, डॉ. संत शरण त्रिपाठी ‘संत’, कोषाध्यक्ष नारायण तिवारी, केंद्रीय प्रतिनिधि सुनील कुमार सिंह तथा आदर्श तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button