उत्तर प्रदेश

अभिनेत्री सारा अली खान पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने जारी किया फतवा, जानिए क्या है वजह?

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान के खिलाफ फतवा जारी किया है। यह फतवा सारा अली खान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल केदारनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने को लेकर जारी किया गया है। मौलाना रजवी ने इसे शरीयत के सिद्धांतों के विपरीत और हराम करार दिया है।

‘शरीयत की नजर में सारा अली खान गुनहगार’

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि कोई भी मुस्लिम पुरुष या महिला अगर किसी मंदिर में जाकर पूजा-पाठ या धार्मिक अनुष्ठान करती है, तो वह शरीयत की रोशनी में पूरी तरह नाजायज और हराम है। उन्होंने कहा कि शरीयत-ए-इस्लामिया अपने अनुयायियों को किसी अन्य धर्म की धार्मिक परंपराओं या अनुष्ठानों को अपनाने की इजाजत नहीं देती। इस आधार पर उन्होंने अभिनेत्री को शरीयत की नजर में गुनहगार ठहराते हुए उन्हें अल्लाह से तौबा (माफी) मांगने की नसीहत दी है।

नौजवानों के सवालों पर जारी किया फतवा

मौलाना रजवी ने बताया कि कई मुस्लिम युवाओं ने उनसे लिखित और मौखिक सवाल पूछा था कि क्या इस्लाम में किसी मुस्लिम कलाकार या नागरिक का मंदिर जाकर पूजा करना जायज है? युवाओं की इसी शंका का निवारण करने के लिए शरीयत के नियमों के तहत यह फतवा जारी किया गया है।

Related Articles

Back to top button