इन्फोटेनमेन्ट

ऑस्कर की रेस में उतरी भारतीय शॉर्ट फिल्म ‘वी वर हीअर’: ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने थामा हाथ

Lucknow Focus News  Desk: ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए चर्चा में आ गई हैं। प्रियंका चोपड़ा ने ऑस्कर (Academy Awards) के लिए क्वालिफाई कर चुकी भारतीय शॉर्ट फिल्म ‘वी वर हीअर’ (We Were Here) के साथ बतौर एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हाथ मिला लिया है। फिल्ममेकर प्रणव भसीन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर फैंस और मेकर्स में काफी उत्साह है।

फिल्म से जुड़ने पर क्या बोलीं प्रियंका चोपड़ा? फिल्म के साथ जुड़ने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने कहा, ‘यह फिल्म एक ऐसे विषय को बेहद नए और अनोखे अंदाज में पेश करती है, जो आज के समय में बेहद प्रासंगिक है। एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर इससे जुड़ने का मौका मिलते ही मैंने तुरंत हां कर दी। मैं इस क्रिएटिव टीम का साथ देना चाहती हूं, ताकि इनकी शानदार सोच को वह वैश्विक पहचान मिल सके जिसकी यह हकदार है।”

अब तक 20 से ज्यादा अवॉर्ड जीत चुकी है फिल्म प्रणव भसीन द्वारा लिखित और निर्देशित इस शॉर्ट फिल्म को अब तक 80 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवलों में दिखाया जा चुका है और यह 20 से ज्यादा प्रतिष्ठित अवॉर्ड अपने नाम कर चुकी है।

साउथ बाय साउथवेस्ट (SXSW): फिल्म को ‘ऑडियंस अवॉर्ड फॉर बेस्ट नैरेटिव शॉर्ट’ और ‘रेडब्रेस्ट अनहिडन अवॉर्ड’ मिला।

पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल शॉर्टफेस्ट: यहां फिल्म ने ’15 मिनट से कम की बेस्ट लाइव-एक्शन शॉर्ट फिल्म’ और ‘बेस्ट कॉमेडी शॉर्ट’ का पुरस्कार जीता। पाम स्प्रिंग्स में मिले इसी अवॉर्ड की बदौलत यह फिल्म ऑस्कर की दौड़ के लिए क्वालिफाई कर पाई है।

क्लेरमॉन्ट-फेरांड इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल: इस फेस्टिवल में फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर हुआ था, जहां इसे ‘कैनाल प्लस प्राइज’ से नवाजा गया।

क्या है ‘वी वर हीअर’ की कहानी? इस शॉर्ट फिल्म की कहानी भारत के एक छोटे से शहर में रहने वाले तीन रिटायर्ड बुजुर्गों के इर्द-गिर्द घूमती है। इन बुजुर्गों को लगता है कि आधुनिक मशीनें और तकनीक धीरे-धीरे इंसानों की नौकरियां छीन रही हैं। इस अनोखे विरोध के तहत वे घर में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों (इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स) का रूप धारण करके अपना विरोध दर्ज कराते हैं। कहानी में दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब उनमें से ही एक बुजुर्ग के बच्चे की नौकरी एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी में लग जाती है। फिल्म में बेहतरीन कॉमेडी के जरिए तकनीक, रोजगार के संकट और बदलती दुनिया में इंसानों के अस्तित्व जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया गया है।

Related Articles

Back to top button