UP की नई लाइफलाइन ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ का पीएम मोदी ने किया आगाज, सपा पर साधा निशाना

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश को विकास का एक और ‘महा-वरदान’ दिया। हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करते हुए पीएम मोदी ने इसे आधुनिक भारत की ‘उज्ज्वल भविष्य वाली हस्तरेखा’ करार दिया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर अब तक का सबसे कड़ा हमला बोलते हुए उन्हें विकास और महिला सशक्तिकरण का दुश्मन बताया।
गंगा एक्सप्रेसवे: यूपी के विकास का नया अध्याय
प्रधानमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर देश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे में से एक का उद्घाटन किया। लगभग ₹36,230 करोड़ की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे से मेरठ और प्रयागराज के बीच का सफर 12 घंटे से घटकर मात्र 6 घंटे रह जाएगा। यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी यूपी को पूर्वी यूपी और संगम नगरी से सीधे जोड़ेगा, जिससे एनसीआर (NCR) की आर्थिक संभावनाएं हरदोई और आसपास के जिलों तक पहुंचेंगी। जैसे माँ गंगा सदियों से हमारी जीवन रेखा रही हैं, वैसे ही यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा।
“सपा और सहयोगियों से सावधान रहे यूपी”
विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ ही पीएम मोदी ने सियासी तीर भी चलाए। उन्होंने सपा को ‘नारी विरोधी’ बताते हुए कहा बीते दिनों देश ने सपा का असली चेहरा देखा। एनडीए सरकार जब नारी शक्ति वंदन संशोधन लेकर आई, तो सपा ने इसके खिलाफ वोट किया। ये लोग नहीं चाहते कि महिलाएं बड़ी संख्या में चुनकर दिल्ली और लखनऊ पहुंचें।
पीएम ने आरोप लगाया कि सपा कभी भी परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकती। उन्होंने जनता को आगाह किया कि विकास विरोधी राजनीति करने वालों से यूपी को सावधान रहने की जरूरत है।
बंगाल चुनाव और जीत की हैट्रिक का दावा
भाषण के दौरान पीएम ने बंगाल में हो रहे दूसरे चरण के मतदान का जिक्र करते हुए वहां की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि “बंगाल में लोग अब भयमुक्त होकर मतदान कर रहे हैं, जो लोकतंत्र की जीत है।” साथ ही, उन्होंने गुजरात पंचायत चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए विश्वास जताया कि आगामी पांच राज्यों के चुनाव में भाजपा ‘जीत की हैट्रिक’ लगाने जा रही है।
बीमारू प्रदेश से ‘ट्रिलियन इकोनॉमी’ का सफर
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश की बदलती छवि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि जो प्रदेश कभी ‘पिछड़ा और बीमारू’ कहलाता था, वह आज एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने की दिशा में तेज रफ्तार से दौड़ रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में अब फाइलों में काम नहीं रुकता, बल्कि शिल्लान्यास के बाद तय समय में लोकार्पण भी होता है।




