बाराबंकी में नारी शक्ति का वंदन, मेधावी बेटियों और कर्मठ महिलाओं का हुआ सम्मान

बाराबंकी। शहर के डॉ. अंबेडकर चौक (नाका सतरिख) स्थित अंबेडकर पार्क में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की धूम रही। रमाई फाउंडेशन द्वारा आयोजित संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एमएलसी अंगद कुमार सिंह ने समाज में बदलाव लाने वाली अग्रणी महिलाओं को सम्मानित किया।

“महिला शिक्षित तो परिवार सुरक्षित”
एमएलसी अंगद कुमार सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक शिक्षित और सशक्त महिला ही खुशहाल परिवार की आधार होती है। उन्होंने कहा, “जब घर की महिला जागरूक होती है, तो पूरा परिवार प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ता है। आज पूरा देश महिलाओं के योगदान को सलाम कर रहा है और हमें उनके सशक्तिकरण का संकल्प दोहराना चाहिए।” उन्होंने उन महान विभूतियों को भी याद किया जिन्होंने भारत को एक आदर्श देश बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

संकल्प से सिद्धि का मंत्र
अंबेडकर मेमोरियल सेवा समिति के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने महिलाओं को बधाई देते हुए ‘आत्मनिर्भरता’ का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि संकल्प से ही सिद्धि प्राप्त होती है और आज महिलाओं को खुद को स्वावलंबी बनाने का प्रण लेना होगा। वहीं, कार्यक्रम का संचालन कर रहीं रमाई फाउंडेशन की अध्यक्ष बालजती ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया और समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर हर्ष जताया।

कविता और खुशियों का संगम
कार्यक्रम में हास्य व्यंग्य रचनाकार अनिल श्रीवास्तव ‘लल्लू’ ने अपनी पंक्तियों— “घर की फुलवारी महक उठे तो समझो बिटिया आई है” से माहौल को भावुक और खुशनुमा बना दिया। इस दौरान खुशियां दोगुनी हो गईं जब एमएलसी ने मेधावी छात्रा प्रतिभा सिंह के जन्मदिन का केक कटवाया और प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. जगदीश को उनकी वैवाहिक वर्षगांठ की बधाई दी।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान क्रांति देवी, डॉ. कामिनी, मानसी श्रीवास्तव, उर्मिला, माधुरी, मीना कुमारी, प्रेमावती और प्रधान प्रतिनिधि विनोद कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Also Read: Lucknow News: ‘प्रगति–आत्मसम्मान’ में बेटियों ने दिखाई प्रतिभा और आत्मविश्वास




