आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सीएम योगी की सौगात, स्मार्टफोन और नियुक्ति पत्र बांटकर बोले- अब रियल टाइम डेटा से चमकेगी रैंकिंग
लोकभवन में सजा सेवा और सम्मान का मंच- 31 हजार से ज्यादा कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी के लोकभवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को बड़ी मजबूती प्रदान की। सीएम ने प्रदेश की हजारों नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और कार्यकत्रियों व मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की निगरानी को ‘डिजिटल’ और ‘रियल टाइम’ बनाना है।
डिजिटल इंडिया से जुड़ेंगी आंगनबाड़ी बहनें
स्मार्टफोन वितरण के दौरान मुख्यमंत्री ने तकनीक के महत्व पर जोर देते हुए कहा हमारी महिला कार्यकत्री जमीन पर बहुत मेहनत करती हैं, लेकिन उनके पास संसाधन न होने के कारण डेटा समय पर अपलोड नहीं हो पाता था। इससे प्रदेश की रैंकिंग प्रभावित होती थी। अब स्मार्टफोन से हर गतिविधि की जानकारी तुरंत सरकार तक पहुंचेगी। डेटा फीडिंग में देरी की वजह से जो रैंकिंग कम रहती थी, अब स्मार्टफोन मिलने से यूपी इस क्षेत्र में भी देश में अग्रणी बनेगा।
सेहत मापने के लिए मिली ‘ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस’
कार्यक्रम में केवल स्मार्टफोन ही नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस भी वितरित की गई। इन उपकरणों के जरिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों की लंबाई और सटीक वजन मापा जा सकेगा। सटीक डेटा मिलने से कुपोषित बच्चों की पहचान आसान होगी और उन्हें समय पर पुष्टाहार व चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
मिशन शक्ति और महिला सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां ग्रामीण भारत की रीढ़ हैं। नवनियुक्त कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र देते हुए उन्होंने उन्हें ईमानदारी से काम करने की प्रेरणा दी। इस दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे।




