यूपी में बिजली कर्मियों का ‘ज्ञापन दो अभियान’ दूसरे दिन भी जारी, लखनऊ में एमएलसी कांति सिंह को सौंपा ज्ञापन

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के बिजली कर्मियों के विरुद्ध की गई उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियों को वापस कराने की मांग को लेकर विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर चलाया जा रहा प्रदेशव्यापी ‘ज्ञापन दो अभियान’ मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। 16 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेश भर में सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और अन्य जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर सरकार से प्रभावी हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।
लखनऊ में नवनिर्वाचित एमएलसी कांति सिंह को सौंपा ज्ञापन
अभियान के दूसरे दिन राजधानी लखनऊ में संघर्ष समिति के केंद्रीय पदाधिकारी सुहेल आबिद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य (MLC) कांति सिंह से भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसी क्रम में प्रदेश के अन्य विभिन्न जिलों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिए गए।
समझौते के अनुपालन और उत्पीड़न समाप्ति की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मार्च 2023 के आंदोलन के बाद तत्कालीन ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के साथ हुए समझौते और उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां वापस लेने के स्पष्ट निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की। ज्ञापन में चिंता जताई गई कि स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अब तक इन कार्यवाहियों को वापस नहीं लिया गया है।
अभियंताओं की टेस्ट प्रक्रिया निरस्त करने की मांग
संघर्ष समिति ने उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के साथ-साथ अब दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम में भी अभियंताओं के लिए घोषित कथित ‘अनावश्यक एवं अवैधानिक टेस्ट प्रक्रिया’ पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। समिति ने पावर कॉरपोरेशन के चेयरमैन से मांग की है कि सेवा नियमावली की अनदेखी कर थोपी जा रही इस परीक्षा प्रक्रिया से संबंधित सभी आदेश तत्काल निरस्त किए जाएं।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की प्रमुख मांगें
मार्च 2023 के आंदोलन और निजीकरण विरोधी आंदोलन के दौरान की गई सभी लंबित दंडात्मक कार्यवाहियां, दर्ज एफआईआर (FIR) और स्टेट विजिलेंस की जांच तत्काल वापस ली जाए।
आंदोलन के दौरान बर्खास्त और सेवा से हटाए गए संविदा कर्मियों को पुनः सेवायोजित (बहाल) किया जाए।
आंदोलन में सक्रिय रहे बिजली कर्मियों के मनमाने ढंग से किए गए स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें उनकी पूर्व तैनाती पर बहाल किया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बिजली कर्मी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की विद्युत व्यवस्था में सुधार और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां वापस होने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक ऊर्जा के साथ प्रदेश के विकास में योगदान दे सकेंगे।




