‘ब्रह्म मुहूर्त’ में रिलीज हुआ रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का ट्रेलर, हंस जिमर और ए.आर. रहमान के संगीत ने बांधा समां

Lucknow Focus News Desk: चर्चित फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर आज, 30 जुलाई 2026 को तड़के ‘ब्रह्म मुहूर्त’ (सुबह 4:15 बजे) रिलीज कर दिया गया। ट्रेलर के रिलीज होते ही फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है। एक तरफ जहां फिल्म के भव्य विजुअल्स, दमदार स्टार कास्ट और कहानी की तारीफ हो रही है, वहीं ट्रेलर में दिखी कुछ सेकेंड की एक छोटी सी झलक ने सोशल मीडिया पर सस्पेंस और चर्चाएं तेज कर दी हैं।
क्या सौरभ राज जैन बने हैं भगवान विष्णु?
ट्रेलर में भगवान विष्णु के रूप में एक दिव्य झलक दिखाई दी है, जिसे देखने के बाद दर्शकों के बीच यह बहस छिड़ गई है कि यह किरदार किसने निभाया है। बड़ी संख्या में फैंस का दावा है कि स्क्रीन पर भगवान विष्णु के रूप में कोई और नहीं बल्कि मशहूर अभिनेता सौरभ राज जैन (Saurabh Raaj Jain) नजर आ रहे हैं।
फैंस इस संभावित कास्टिंग की जमकर तारीफ कर रहे हैं। उनका कहना है कि सौरभ की शांत स्क्रीन प्रेजेंस और पौराणिक किरदारों को निभाने का उनका पुराना अनुभव उन्हें इस रोल के लिए एकदम परफेक्ट बनाता है। आपको बता दें कि सौरभ राज जैन साल 2013 के ब्लॉकबस्टर टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में भगवान कृष्ण का कालजयी किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुए थे। हालांकि, अभी तक फिल्म मेकर्स या खुद अभिनेता की तरफ से इस भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रणबीर कपूर का डबल रोल और फिल्म की मेगा स्टार कास्ट
इस भव्य सिनेमाई प्रोजेक्ट में कलाकारों की एक लंबी और दमदार फौज शामिल है।
- रणबीर कपूर: फिल्म में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम और भगवान परशुराम, दोनों ही महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
- साई पल्लवी: माता सीता के पावन किरदार में दिखाई देंगी।
- यश (KGF फेम): लंकापति रावण के खूंखार और शक्तिशाली रोल में नजर आएंगे।
- सनी देओल: संकटमोचन भगवान हनुमान की भूमिका को जीवंत करेंगे।
- रवि दुबे: भगवान राम के अनुज लक्ष्मण के किरदार में दिखेंगे।
हंस जिमर और ए.आर. रहमान की जुगलबंदी
‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा के इतिहास में अब तक के सबसे बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है। फिल्म में हॉलीवुड स्तर के शानदार विज़ुअल इफेक्ट्स (VFX) देखने को मिल रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर और संगीत के लिए दुनिया के महान संगीतकार हंस जिमर (Hans Zimmer) और भारत के ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान (A.R. Rahman) ने हाथ मिलाया है, जो इस फिल्म को एक अलग ही स्तर पर ले जाता है।




