‘MINIATURES: बनारस घराना’ प्रदर्शनी का लखनऊ में भव्य शुभारंभ, 5 पीढ़ियों की 39 दुर्लभ कृतियां का प्रदर्शन

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जॉपलिंग रोड स्थित कोकोरो आर्ट गैलरी में बनारस घराने की समृद्ध व बहुआयामी लघुचित्र परंपरा पर आधारित विशेष कला प्रदर्शनी ‘MINIATURES-बनारस घराना’ का 6 अक्टूबर 2026 को औपचारिक शुभारंभ हुआ। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश शासन के पर्यटन, संस्कृति एवं परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात (IAS) द्वारा शाम 5 बजे किया गया। प्रदर्शनी की क्यूरेटर वंदना सहगल हैं।
5 पीढ़ियों की 39 दुर्लभ कृतियां
‘A Repertoire of Paintings by Generations’ की अवधारणा पर आधारित इस प्रदर्शनी में उस्ताद मुलचंद प्रसाद, उस्ताद राम प्रसाद, उस्ताद शारदा प्रसाद, उस्ताद मुकुंद प्रसाद, उस्ताद गोपाल प्रसाद, वंश श्री यादव और अंकित प्रसाद की प्राकृतिक रंगों से निर्मित कुल 39 कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं।
ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि
बनारस की लघुचित्र परंपरा का विकास मुगल दरबारी चित्रकला की गुरु-शिष्य परंपरा से जुड़ा है। शाह आलम द्वितीय के समय बनारस आए मुगल कलाकारों से स्थानीय अहीर समुदाय के युवा ‘सिखी’ ने यह कला सीखी और आगे बढ़ाया। उस्ताद मुलचंद ने इसे भित्तिचित्रों (गोपाल मंदिर व बागेश्वरी मंदिर), रामायण चित्रांकन व लिथोग्राफी तक विस्तृत किया।
शैलीगत विशेषताएं
उस्ताद राम प्रसाद: व्यक्तिचित्रण (Portraiture), चेहरे की समानता और हाथीदांत पर कार्य में असाधारण दक्षता।
उस्ताद शारदा प्रसाद: पारंपरिक रंग/तूलिका निर्माण और बीएचयू (BHU) के भारत कला भवन से जुड़ाव।
उस्ताद मुकुंद व गोपाल प्रसाद: मुगल शैली में पहाड़ी व राजस्थानी शैलियों का समन्वय और कला के अकादमिक दस्तावेजीकरण में योगदान।
नई पीढ़ी (अंकित प्रसाद व वंश श्री यादव): पारंपरिक मुगल तकनीकों के साथ समकालीन विषयों व संवेदनाओं का समावेश।
प्रदर्शनी की समयावधि: यह प्रदर्शनी 7 से 28 अक्टूबर 2026 तक (रविवार को छोड़कर) कला प्रेमियों के अवलोकनार्थ खुली रहेगी।




