इन्फोटेनमेन्ट

‘कन्नप्पा’ का ट्रेलर रिलीज़: प्रभास और अक्षय कुमार की एंट्री ने मचाया तहलका, शिवभक्ति और एक्शन का ज़बरदस्त मेल

Lucknow Focus News Desk: बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म ‘कन्नप्पा’ का ट्रेलर आखिरकार दर्शकों के सामने आ चुका है और इंटरनेट पर इसने आते ही धूम मचा दी है। फिल्म में अक्षय कुमार, प्रभास, विष्णु मांचू और मोहनलाल जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे, जिनकी मौजूदगी ने ट्रेलर को बेहद खास बना दिया है।

अक्षय बने भगवान शिव, प्रभास का रूद्र अवतार

ट्रेलर की सबसे बड़ी झलक अक्षय कुमार की है, जिन्हें भगवान शिव के रूप में पेश किया गया है। उनका दिव्य रूप देखकर दर्शकों को कहीं न कहीं ‘ओएमजी 2’ की यादें ताजा हो गईं हैं। वहीं, प्रभास इस बार एक गुस्से वाले रूद्र रूप में नजर आ रहे हैं, जो कहानी को एक अलग तीव्रता देते हैं।

ड्रीम प्रोजेक्ट है विष्णु मांचू के लिए ‘कन्नप्पा’

इस फिल्म में लीड रोल निभा रहे विष्णु मांचू के लिए ‘कन्नप्पा’ एक ड्रीम प्रोजेक्ट है। फिल्म की कहानी भगवान शिव के महान भक्त कन्नप्पा पर आधारित है। ट्रेलर के मुताबिक, विष्णु एक ऐसे व्यक्ति ‘तिन्नाडु’ की भूमिका में हैं, जो शिवलिंग की रक्षा करता है लेकिन खुद भगवान में विश्वास नहीं करता। उसके लिए शिवलिंग केवल एक पत्थर है। इस मोड़ पर भगवान शिव (अक्षय कुमार) उसे भक्ति के मार्ग पर लाने के लिए रूद्र (प्रभास) को भेजते हैं।

मोहनलाल का सरप्राइज़ कैमियो

ट्रेलर में एक और सरप्राइज़ है साउथ सुपरस्टार मोहनलाल का एक छोटा लेकिन प्रभावी कैमियो, जो दर्शकों के लिए बोनस जैसा है। उनकी मौजूदगी ने ट्रेलर की भव्यता को और बढ़ा दिया है।

दृश्य और एक्शन हैं लाजवाब

ट्रेलर में जहां एक ओर भक्ति की गहराई दिखती है, वहीं दूसरी ओर जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस और विज़ुअल इफेक्ट्स दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाने की क्षमता रखते हैं। ट्रेलर में दिखाया गया है कि कुछ लोग शिवलिंग चुराने की कोशिश करते हैं, लेकिन तिन्नाडु उनसे लड़कर शिवलिंग की रक्षा करता है।

कब होगी रिलीज़?

फिल्म 27 जून 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट 200 करोड़ रुपये से अधिक का है, जो इसे साल की सबसे बड़ी रिलीज़ में से एक बनाता है।

Also Read: ‘हाउसफुल 5’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, अक्षय कुमार की टॉप 10 फिल्मों में हुई शामिल

Related Articles

Back to top button