प्राइम वीडियो की धमाकेदार एक्शन-कॉमेडी ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ का ट्रेलर रिलीज, प्रियंका चोपड़ा की दमदार एंट्री ने मचाया तहलका

Lucknow Focus News Desk: प्राइम वीडियो की बहुप्रतीक्षित एक्शन-कॉमेडी फिल्म हेड्स ऑफ स्टेट का ट्रेलर आखिरकार रिलीज़ हो गया है, और फैंस की उत्सुकता अब सातवें आसमान पर पहुंच चुकी है। ट्रेलर के लॉन्च के साथ ही प्रियंका चोपड़ा जोनास की MI6 एजेंट ‘नोएल बिसेट’ के रूप में शानदार परफॉर्मेंस सोशल मीडिया पर खूब सराही जा रही है।
इस फिल्म में प्रियंका, हॉलीवुड के दिग्गज सितारों इदरीस एल्बा और जॉन सीना के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं। डायरेक्टर इल्या नाइशुलर द्वारा निर्देशित इस फिल्म का ट्रेलर 2 मिनट 46 सेकंड का है, जिसमें भरपूर एक्शन, कॉमेडी और सस्पेंस का जबरदस्त मिश्रण नजर आता है।
कहानी में क्या है खास?
फिल्म की कहानी शुरू होती है यूके के प्रधानमंत्री सैम क्लार्क (इदरीस एल्बा) और अमेरिका के राष्ट्रपति विल डेरिंगर (जॉन सीना) के साथ, जो एक सार्वजनिक विवाद के चलते अचानक अंतरराष्ट्रीय संकट में फंस जाते हैं। इस बीच, जब एक विदेशी खतरा दोनों को निशाना बनाता है, तो हालात ऐसे बन जाते हैं कि उन्हें सुरक्षा मिशन पर सेना में शामिल होना पड़ता है।
इसी बीच एंट्री होती है MI6 की एजेंट नोएल बिसेट (प्रियंका चोपड़ा) की, जिसका मकसद दोनों नेताओं की जान की रक्षा करना और एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र को नाकाम करना है, जो पूरी दुनिया को अराजकता की ओर ले जा सकता है।
प्रियंका की स्क्रीन प्रेज़ेंस से फैंस हुए दीवाने
फिल्म का ट्रेलर सामने आते ही प्रियंका के फैंस सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूज़र ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “नोएल बिसेट अब मेरी नई फेवरेट हैं। प्रियंका चोपड़ा तो हर बार छा जाती हैं!” वहीं, एक अन्य ने लिखा, “बहुत गर्व है प्रियंका पर, इंतजार नहीं कर सकता इस फिल्म का!”
कई यूजर्स ने तो इसे प्रियंका के ‘क्वांटिको’ वाले दिन याद दिलाने वाला बताया है। इंस्टाग्राम पर एक कमेंट में लिखा गया, “ओह माय गॉड! ये तो क्वांटिको की याद दिला रहा है।” कुछ फैंस ने फिल्म के ट्रेलर को “अब तक का बेस्ट” बताया और प्रियंका को “क्वीन” कहते हुए लिखा, “इस बार भी प्रियंका ने शो चुरा लिया है!”
90 के दशक की कॉमेडी का ट्विस्ट और जबरदस्त एक्शन
हेड्स ऑफ स्टेट एक हाई-ऑक्टेन ग्लोबल एक्शन-कॉमेडी फिल्म है जिसमें दर्शकों को 90 के दशक की क्लासिक कॉमेडी फिल्मों की याद दिलाने वाली वन-लाइनर्स के साथ जबरदस्त एक्शन भी देखने को मिलेगा। फिल्म में पैडी कॉन्सिडाइन, कार्ला गुगिनो, जैक क्वैड, स्टीफन रूट और साराह नाइल्स भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
2 जुलाई से स्ट्रीम होगी फिल्म
डायरेक्टर इल्या नाइशुलर, जो हार्डकोर हेनरी और नोबॉडी जैसी हाई-एड्रेनालिन फिल्मों के लिए मशहूर हैं, उन्होंने इस फिल्म में भी अपनी खास “काइनेटिक स्टाइल” को बखूबी दिखाया है। दिलचस्प बात यह है कि द सुसाइड स्क्वाड के बाद यह पहली बार है जब इदरीस एल्बा और जॉन सीना एक साथ किसी फिल्म में नजर आने वाले हैं। हेड्स ऑफ स्टेट 2 जुलाई 2025 से प्राइम वीडियो पर दुनियाभर में स्ट्रीम की जाएगी।
Also Read: साउथ की पौराणिक थ्रिलर ‘वीरा चंद्रहास’ अब ओटीटी पर, अमेज़न प्राइम वीडियो पर देखें ये दमदार फिल्म




