UP News: मेरठ में सैन्य अभ्यास के दौरान सेना का ड्रोन लापता, तलाश जारी

Lucknow Focus News Desk: मेरठ जिले में सैन्य प्रशिक्षण के दौरान सेना का एक ड्रोन सोमवार शाम लापता हो गया। यह जानकारी पुलिस और सैन्य सूत्रों ने मंगलवार को दी। बताया जा रहा है कि ड्रोन का नियंत्रण अचानक मॉनिटर से टूट गया, जिसके बाद वह तय दिशा से भटक गया और उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
622 ईएमई बटालियन के हवलदार तकनीशियन दीपक रॉय ने रेलवे रोड थाने में दी गई तहरीर में बताया कि यह घटना सिटी रेलवे स्टेशन के पास हुई, जहां सैन्य अभ्यास के तहत ड्रोन उड़ाया गया था। उड़ान के दौरान अचानक मॉनिटर से संपर्क टूटने पर ड्रोन अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में उड़ गया और लापता हो गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि, “सेना की ओर से मिली सूचना के अनुसार, ड्रोन को रोहटा रोड क्षेत्र में उड़ाया गया था, लेकिन वह रेलवे लाइन पार कर दूसरी दिशा में चला गया। इसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।”
हवलदार रॉय के अनुसार, लापता ड्रोन में न तो कैमरा था और न ही GPS सिस्टम। उन्होंने कहा कि यह ड्रोन सामान्य प्रशिक्षण अभ्यास के लिए प्रयोग किया जा रहा था और तेज हवा के कारण असंतुलित होकर सिग्नल कट गया, जिससे वह लापता हो गया।
सेना और स्थानीय पुलिस ड्रोन की तलाश में जुटी हुई है। अभी तक किसी तरह की सुरक्षा संबंधी चिंता की बात सामने नहीं आई है, लेकिन एहतियातन इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।




