यूपी भाजपा को 14 दिसंबर को मिलेगा नया अध्यक्ष, चुनाव कार्यक्रम घोषित

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को आगामी 14 दिसंबर को अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। शुक्रवार को पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है।

चुनाव और नामांकन प्रक्रिया
शुक्रवार (12 दिसंबर) को प्रदेश परिषद सदस्य सूची का प्रकाशन किया गया और चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष पद और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के लिए नामांकन की प्रक्रिया कल, 13 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक प्रदेश कार्यालय में पूरी की जाएगी। नामांकन पत्रों की वापसी की प्रक्रिया भी 13 दिसंबर को ही शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच पूरी की जाएगी। 14 दिसंबर को प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर इसी दिन मतदान की प्रक्रिया भी पूरी की जा सकती है।
राष्ट्रीय नेतृत्व की चयन रणनीति
माना जा रहा है कि इस बार प्रदेश अध्यक्ष के चयन में राष्ट्रीय नेतृत्व ने कुछ प्रमुख मानदंडों को आधार बनाया है। संगठनात्मक मजबूती, जमीनी पकड़ और व्यापक स्वीकार्यता वाले चेहरे को प्राथमिकता दी जाएगी। नए प्रदेश अध्यक्ष के नामांकन में प्रस्तावक के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, तथा संगठन के अन्य प्रमुख नेता शामिल हो सकते हैं।




