उत्तर प्रदेश: यहां रावण नहीं, जलता है कंस का पुतला, परंपरा से परे मनाया जाता है अनूठा लोक-उत्सव

Lucknow Focus News Desk: सनातन संस्कृति में विजयादशमी पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले दहन की परंपरा सर्वविदित है। लेकिन उत्तर प्रदेश एक ऐसी अनूठी स्थानीय परंपरा निभाई जाती है, जहाँ रावण की तर्ज पर अधर्म के प्रतीक मथुरा नरेश कंस का पुतला जलाया जाता है। यह अनूठी परंपरा धार्मिक ग्रंथों के पन्नों से इतर रामपुर की लोक-संस्कृति में गहराई से रची-बसी है।
रामपुर जिले के बिलासपुर और शाहबाद कस्बों में हर साल विजयादशमी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी व अन्य धार्मिक उत्सवों के दौरान कंस दहन का आयोजन किया जाता है। यद्यपि श्रीमद्भागवत महापुराण, विष्णु पुराण और हरिवंश पुराण जैसे सनातन ग्रंथों में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कंस वध का विस्तृत वर्णन मिलता है, परंतु प्रतीकात्मक रूप से कंस के पुतला दहन का कोई सीधा उल्लेख शास्त्रों में नहीं है। इसके बावजूद रामपुर की लोक-परंपरा ने इस प्रसंग को अपने अनूठे अंदाज में जीवंत रखा है।
शाहबाद और बिलासपुर में भव्य आयोजन
शाहबाद: यहाँ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य धार्मिक झांकियों की शोभायात्रा निकाली जाती है। जब यह यात्रा बुड्ढाबड़ पहुँचती है, तो वहाँ कंस के ऊँचे और आकर्षक पुतले का दहन किया जाता है। इस दौरान विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु पहुँचते हैं।
बिलासपुर: कायस्थान मोहल्ला स्थित श्रीकृष्ण लीला मैदान में प्रतिवर्ष कृष्ण लीला का मंचन होता है। लीला के अंतिम चरण में भगवान श्रीकृष्ण का रूप धरे कलाकार द्वारा कंस वध का सजीव मंचन किया जाता है, जिसके बाद रावण दहन की भांति कंस के पुतले को अग्नि के हवाले कर दिया जाता है।
श्रीकृष्ण लीला कमेटी बिलासपुर के संरक्षक संतोष कुमार जौहरी ने बताया कि उनके यहाँ पिछले 69 वर्षों से श्रीकृष्ण लीला का वार्षिक महोत्सव मनाया जा रहा है। उनके पिता पूर्व विधायक मुंशीलाल जौहरी के समय से ही कंस दहन की यह परंपरा चली आ रही है, जिसे आज भी कमेटी के सहयोग से निष्ठापूर्वक निभाया जा रहा है। यह अनूठी परंपरा आपसी मेल-मिलाप और सांस्कृतिक धरोहर का एक अनुपम उदाहरण है।




