लखनऊ

लखनऊ के इंदिरा नगर में शुरू हुआ ‘चबूतरा थियेटर’, अब हर रविवार बच्चे सीखेंगे एक्टिंग और संगीत के गुर

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित तकरोही के वाल्मीकि पार्क (महामाया नगर) में रविवार को कला और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। बच्चों और युवाओं की रचनात्मकता को मंच देने के उद्देश्य से मदर सेवा संस्थान द्वारा संचालित ‘चबूतरा थियेटर पाठशाला’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस पहल का मकसद ग्रीष्मकालीन छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए नई पीढ़ी को साहित्य और रंगमंच से जोड़ना है।

कला ही बनाती है बेहतर इंसान: पृथ्वीराज चौहान

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और आकाशवाणी लखनऊ के पूर्व निदेशक पृथ्वीराज चौहान ने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला की शुरुआत की। उन्होंने कहा कलाएं केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि ये हमें एक संवेदनशील और बेहतर इंसान बनाती हैं।

विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व पार्षद डॉ. काशीराम रावत, डॉ. राम प्रताप यादव, और समाजसेवी एफ. लाल ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान समाजसेवी राजेश पुजारी, रूपचंद वाल्मीकि और संजय एडवोकेट की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अभिनय और संगीत का जीवंत प्रशिक्षण

संस्थान के सचिव और फिल्म अभिनेता महेश चंद्र देवा ने बच्चों को एक्टिंग की बारीकियां सिखाईं। उद्घाटन सत्र में बच्चों को खास तौर पर मिरर एक्सरसाइज और इम्प्रोवाइजेशन के जरिए बच्चों को दृश्य निर्माण और आत्मविश्वास बढ़ाने के गुर सिखाए गए।

महेश देवा ने बच्चों के साथ ‘सारे के सारे’, ‘वी जोगीर सरारा’ जैसे गीतों पर अभ्यास कराया, जबकि डॉ. रामप्रताप ने ‘गीत गा रहे हैं हम रागनी को ढूंढते हुए’ गाकर समां बांध दिया।

हर रविवार शाम 5 बजे सजेगी क्लास

संस्थान की अध्यक्ष किरण लता ने बताया कि इस पाठशाला का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर कला को बढ़ावा देना है। अब प्रत्येक रविवार को शाम 5 बजे से वाल्मीकि पार्क में नाटक, संगीत और पेंटिंग की विशेष कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। उद्घाटन के पहले ही दिन 5 से 14 साल की उम्र के 50 से ज्यादा बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

Also Read: करिश्मा तन्ना के घर गूंजने वाली है किलकारी, शादी के 4 साल बाद ‘मॉम’ बनने वाली हैं एक्ट्रेस, शेयर की रोमांटिक तस्वीरें

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button