लखनऊ

लखनऊ में गणेशोत्सव की धूम: पर्यावरण मित्र पंडाल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की खास तैयारी

Lucknow Focus News Desk : गणेश चतुर्थी का पर्व इस बार 26 अगस्त (मंगलवार) को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। 10 दिनों तक चलने वाला यह पर्व गणेश विसर्जन के साथ संपन्न होगा। राजधानी लखनऊ में इस बार भी जगह-जगह भव्य पंडाल सजाए गए हैं, जहां धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक संदेश एक साथ देखने को मिल रहे हैं। खास बात यह है कि कई गणेश सेवा मंडलों ने इस बार पर्यावरण हितैषी सजावट और मूर्तियों को बढ़ावा दिया है।

झूलेलाल वाटिका का “मनौतियों के राजा”

लखनऊ का सबसे बड़ा गणेश पंडाल माना जाने वाला झूलेलाल वाटिका का “मनौतियों के राजा” इस बार भी खास आकर्षण रहेगा। यहां हर साल की तरह थीम-आधारित पंडाल, विशाल मूर्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, झूले, मेले और खाने-पीने के स्टॉल लोगों को खींच लेंगे। बप्पा को पत्र लिखने की परंपरा (लेटर टू बप्पा) यहां की विशेष पहचान है। शाम की आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारी भीड़ उमड़ती है।

पत्रकारपुरम मार्केट

पत्रकारपुरम मार्केट का गणेशोत्सव पिछले कुछ सालों से भव्य आयोजन के लिए मशहूर हो चुका है। यहां शाम के सांस्कृतिक मंच पर शिव तांडव जैसे मंचन, नृत्य और भजन संध्या का आयोजन होता है। दूसरी-तीसरी रात से यहां भारी भीड़ जुटने लगती है।

अमीनाबाद के राजा

लखनऊ की सबसे पुरानी सार्वजनिक गणेश पूजा “अमीनाबाद के राजा” कहलाती है। 1921 से महाराष्ट्रीयन समाज द्वारा यहां गणेशोत्सव आयोजित किया जा रहा है। पर्यावरण अनुकूल मूर्तियों के साथ यहां मराठी व्यंजनों पूरन पोली, श्रीखंड, भाकरवाड़ी का खास स्वाद लोगों को आकर्षित करता है। शाम 7 से 10 बजे तक यहां सबसे ज्यादा भीड़ रहती है।

रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज पंडाल

रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज का विशाल पंडाल डालीगंज और आईटी चौराहे तक रौनक बिखेर देता है। यहां 10 दिनों तक बप्पा का श्रृंगार, भोग-प्रसाद और सांस्कृतिक गतिविधियां जारी रहती हैं। कई नामचीन हस्तियां यहां दर्शन के लिए आती हैं। पिछले साल यहां केदारनाथ और जगन्नाथ मंदिर थीम पर 50 फीट ऊंचा पंडाल और 12 फीट की प्रतिमा चर्चा में रही थी। इस बार शिवलिंग थीम पर पंडाल सजाए जाने की तैयारी है।

अन्य पंडाल

आशियाना सेक्टर K/L ग्राउंड्स में मध्यम आकार के पंडाल लगते हैं, जहां स्थानीय लोग और परिवार बढ़-चढ़कर शामिल होते हैं।

ऐशबाग रामलीला मैदान में सुदर्शन गणेश सेवा मंडल और अन्य समितियों द्वारा पंडाल सजाए जाते हैं। यहां भजन संध्या और सामुदायिक कार्यक्रम खास आकर्षण रहते हैं। विसर्जन के दिन ढोल-नगाड़ों के साथ गणेश शोभायात्रा यहां का मुख्य आकर्षण होती है।

पर्यावरण को बढ़ावा

लखनऊ के अधिकांश पंडाल इस बार पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल सजावट पर केंद्रित हैं। मिट्टी और कपड़े की मूर्तियां, कागज की सजावट, प्लास्टिक-फ्री प्रसाद और जल संरक्षण के संदेश इस बार की खास थीम हैं।

Related Articles

Back to top button