सुल्तानपुर से लौटते समय राहुल गांधी ने मोची रामचेत के परिवार से की मुलाकात, जताई संवेदना

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एमपी-एमएलए कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी लखनऊ लौटते समय अयोध्या-प्रयागराज हाईवे स्थित गुप्तारगंज में रामचेत मोची की दुकान पर रुके। यहां उन्होंने दिवंगत रामचेत के परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
राहुल गांधी करीब सात मिनट तक दुकान पर रुके। उस समय रामचेत के बेटे राघव दुकान पर मौजूद थे। राहुल गांधी ने राघव से परिवार का हालचाल जाना और कहा कि वह रामचेत के निधन के समय आ नहीं सके, जिसका उन्हें अफसोस है। उन्होंने रामचेत को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
बेटे राघव को मदद का भरोसा
इस दौरान राहुल गांधी ने राघव की बेटी श्रद्धा को गोद में उठाकर दुलार किया और उसे चॉकलेट भी दी। मुलाकात के बाद वे लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में राहुल गांधी ने शुक्रवार को सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया। धारा 313 के तहत करीब आधे घंटे तक कोर्ट कक्ष में बंद दरवाजे के भीतर बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चली। राहुल गांधी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को निर्दोष बताया।
9 मार्च को अगली सुनवाई
सुनवाई के दौरान अदालत परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। मामले में अगली सुनवाई 9 मार्च को निर्धारित की गई है, जब बचाव पक्ष की ओर से सफाई साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे।




