‘सारे सबूत मेरे इसी फोन में मौजूद हैं’, राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर लगाया गंभीर आरोप

Lucknow Focus News Desk: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनका फोन टैप (Phone Tapping) कराया जा रहा है और उनके फोन में ऐसे कई सबूत मौजूद हैं जो सरकार की पोल खोल सकते हैं।
इंस्टाग्राम वीडियो में क्या बोले राहुल गांधी?
राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो स्टेटस शेयर किया है। इस वीडियो में एक यूजर ने उनसे सवाल किया था कि “प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि आपको विदेशी मदद मिल रही है, और आप कह रहे हैं कि पीएम मोदी को विदेश से कंट्रोल किया जा रहा है, इसके सबूत कहां हैं?”
इस सवाल का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने वीडियो में कहा “सबूत यहां है, इसी फोन में है। प्रधानमंत्री को यह बात पता है क्योंकि वे मेरा फोन टैप करते हैं। जिस पल वे आमने-सामने की बहस के लिए आएंगे, सबको पता चल जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है, कौन देशद्रोही है, वे कब से देशद्रोही हैं, और ऐसी ही कई अन्य बातें जो मुझे पता हैं और मेरे फोन में मौजूद हैं।”
पीएम मोदी को दी थी खुली बहस की चुनौती
गौरतलब है कि भाजपा नेता लगातार राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और बयानों पर सवाल उठाते रहे हैं। इसके जवाब में हाल ही में राहुल गांधी ने पीएम मोदी को सार्वजनिक रूप से खुली बहस की चुनौती दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री विदेशी मदद और विदेशी सोशल मीडिया के समर्थन से सत्ता में हैं और देश की आर्थिक व्यवस्था विदेशियों के नियंत्रण में है।
अमित शाह का पलटवार
राहुल गांधी की इस चुनौती पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। अमित शाह ने कहा था कि यदि राहुल गांधी वास्तव में चर्चा करना चाहते हैं, तो वे प्रधानमंत्री को पत्र लिखें, और सरकार इस पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को भी तैयार है।




