गोरखनाथ मंदिर में गूंजा ‘राष्ट्र प्रथम’ का संकल्प: सीएम योगी ने फहराया भाजपा का ध्वज, बोले- “यह सत्ता की नहीं, विचार की यात्रा है”

Lucknow Focus News Desk: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर में पार्टी का ध्वज फहराया। हिंदू सेवाश्रम भवन की छत पर आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘नेशन फर्स्ट’ (Nation First) के संकल्प को दोहराया और कार्यकर्ताओं के साथ सेल्फी लेकर उत्साहवर्धन किया।
सत्ता नहीं, संस्कार की है यह विकास यात्रा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) के माध्यम से मुख्यमंत्री ने करोड़ों कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए भाजपा की वैचारिक यात्रा को परिभाषित किया। उन्होंने कहा भाजपा केवल एक राजनीतिक ढांचा नहीं है, बल्कि यह पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल जी के लोकतांत्रिक आदर्शों एवं सनातनी मूल्यों से अभिसिंचित एक जीवंत विचार परंपरा है।
सीएम ने भाजपा की तुलना एक विशाल वटवृक्ष से करते हुए कहा कि सेवा और समर्पण के साथ यह संगठन 145 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को शक्ति दे रहा है। “हमारी यात्रा विस्तार की नहीं, विचार की है और अंत्योदय से राष्ट्रोदय के संकल्प की सिद्धि की है।”
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
ध्वजारोहण के इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ गोरखपुर के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें सांसद रवि किशन शुक्ल और महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, और प्रदीप शुक्ल, नगर निगम उप सभापति पवन त्रिपाठी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, पार्षद दुर्गेश बजाज और ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव व संजय सिंह शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।




