ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक, राहुल गांधी ने आतंकवाद पर पाक को घेरा

Lucknow Focus News Desk: राजधानी दिल्ली में आज से शुरू हो रहे पहले ‘SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग’ (शंघाई सहयोग संगठन सभ्यता संवाद मंच) में शामिल होने के लिए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक भारत पहुंचे हैं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद यह पहला अवसर है जब पाकिस्तान सरकार का कोई मंत्री भारत दौरे पर आया है। इससे पहले साल 2023 में तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो एससीओ (SCO) की बैठक में हिस्सा लेने गोवा आए थे।
SCO संवाद में 15 देशों के प्रतिनिधि शामिल, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
भारत में पाकिस्तान उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि डॉ. मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले इस मंच में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्घाटन आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जिसमें कुल 15 देशों के प्रतिनिधि शिरकत कर रहे हैं। गौरतलब है कि मुसादिक मलिक पूर्व में सिंधु जल समझौते (Indus Waters Treaty) को लेकर दिए गए अपने विवादित बयान (हाथ काटने की धमकी) के कारण सुर्खियों में रहे थे।
अमेरिका से राहुल गांधी का पाकिस्तान को दो-टूक संदेश
एक तरफ जहां पाकिस्तानी मंत्री दिल्ली पहुंचे हैं, वहीं दूसरी ओर अमेरिका दौरे पर गए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया है।
खून और बातचीत साथ नहीं चल सकते
अमेरिका में एक कार्यक्रम के दौरान एक पाकिस्तानी नागरिक ने उनसे सवाल पूछा कि क्या भारत और पाकिस्तान आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर साथ काम कर सकते हैं? इसके जवाब में राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि गुंजाइश तो है, लेकिन सबसे बड़ी बाधा यह है कि पाकिस्तान भारत में आतंकवाद का समर्थन करता है और उसे बढ़ावा देता है।
आतंकवाद रुकने पर ही संभव है संवाद
राहुल गांधी ने दो-टूक शब्दों में कहा कि यह स्थिति किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है कि एक तरफ हमारे बेगुनाह लोग मारे जाएं और दूसरी तरफ हम पाकिस्तान से बातचीत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि खून और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते; जिस पल पाकिस्तान आतंकवाद बंद कर देगा, उसी पल बातचीत शुरू होने की संभावना बन सकती है।




