उत्तर प्रदेश में मानसून का असर तेज़, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में मानसून ने अब पूरी तरह से दस्तक दे दी है। पूरब से लेकर पश्चिम तक बारिश का सिलसिला जारी है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं कई इलाकों में उमस भरी गर्मी अब भी लोगों को परेशान कर रही है।
आज यानी 25 जून को मौसम विभाग ने तराई और बुंदेलखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद और रामपुर जैसे जिलों में तेज़ गर्जना के साथ मूसलधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
पूरे प्रदेश में अगले कुछ दिन रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में ज़बरदस्त बारिश के आसार हैं। कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ तेज़ बारिश हो सकती है। 26 जून से मानसून और भी ज़ोर पकड़ेगा और पूरे प्रदेश में तेज़ बारिश देखने को मिलेगी। अगले तीन से चार दिन तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा और 30 जून तक बारिश का यही सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
तापमान में गिरावट, लेकिन राहत नहीं पूरी
बारिश की वजह से दिन के तापमान में थोड़ी राहत मिली है, लेकिन कई इलाकों में उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बीते 24 घंटे में यूपी का सबसे गर्म स्थान फतेहगढ़ रहा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बस्ती, लखीमपुर खीरी, अलीगढ़ और बुलंदशहर भी गर्म जिलों में शामिल रहे।
कहां-कहां भारी बारिश का अलर्ट
सहारनपुर
बिजनौर
मुरादाबाद
रामपुर
इनके अलावा जिन जिलों में यलो अलर्ट है, वहां भी तेज़ बारिश हो सकती है। ये जिले हैं:
झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, इटावा, आगरा, हाथरस, मथुरा, फिरोजाबाद, जालौन, अमरोहा, बरेली, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली।
किन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी?
नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, अलीगढ़, संभल, बदायूं, कासगंज, एटा, मैनपुरी, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, गाज़ीपुर और बलिया इन सभी जिलों में बिजली चमकने और गिरने की आशंका है, साथ ही तेज़ बारिश की संभावना भी बनी हुई है।




