गर्मी में कच्चा लहसुन खाने से हो सकती हैं ये गंभीर दिक्कतें, इन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी

Lucknow Focus News Desk: लहसुन को अक्सर सेहत का खज़ाना कहा जाता है। यह न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट जैसे गुणों से भरपूर होता है, जो शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद करता है। लेकिन जहां लहसुन सर्दियों में शरीर को अंदर से ताकत देता है, वहीं गर्मियों में कच्चा लहसुन खाना कई बार नुकसानदेह भी साबित हो सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, लहसुन की तासीर गर्म होती है, और गर्मियों में इसका अधिक सेवन करने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है। खासकर कुछ खास स्वास्थ्य स्थितियों में इसे खाने से दिक्कतें और बढ़ सकती हैं।
इन लोगों को गर्मियों में नहीं खाना चाहिए कच्चा लहसुन
कमजोर पाचन और एसिडिटी से परेशान लोग
अगर आपका पाचन तंत्र कमजोर है या आपको अक्सर एसिडिटी की शिकायत रहती है, तो गर्मियों में कच्चा लहसुन आपकी समस्या बढ़ा सकता है। इससे पेट में जलन, भारीपन, घबराहट और गैस की समस्या हो सकती है।
डायरिया या पेट खराब रहने वाले मरीज
लहसुन में सल्फर होता है, जो कुछ लोगों में गैस और दस्त की परेशानी बढ़ा सकता है। डायरिया से पीड़ित मरीजों को इसका सेवन पूरी तरह से टालना चाहिए।
लिवर की बीमारी से जूझ रहे लोग
लहसुन में मौजूद ‘एलिसिन’ नामक तत्व लिवर पर असर डाल सकता है। ऐसे में जिन लोगों को लिवर की बीमारी है, उन्हें गर्मियों में कच्चे लहसुन से परहेज़ करना चाहिए।
गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाएं
प्रेग्नेंसी में कच्चा लहसुन खाने से गैस, मरोड़ या असहजता महसूस हो सकती है। वहीं, ब्रेस्टफीडिंग कराने वाली महिलाओं में इसका असर दूध के स्वाद पर भी पड़ सकता है, जिससे शिशु दूध पीने से मना कर सकता है।
एलर्जी से पीड़ित लोग
अगर आपको किसी भी तरह की स्किन या फूड एलर्जी की समस्या है, तो कच्चा लहसुन गर्मियों में आपकी परेशानी को और बढ़ा सकता है।
ब्लड थिनर दवा लेने वाले मरीज
लहसुन खून को पतला करने वाला प्राकृतिक एजेंट है। अगर आप पहले से ब्लड थिनर दवाएं ले रहे हैं, तो लहसुन का सेवन आपकी ब्लीडिंग की समस्या बढ़ा सकता है। ऐसे में डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
सेहतमंद रहने के लिए जरूरी है मौसम और शरीर की ज़रूरतों को समझकर खानपान का चुनाव करना। कच्चा लहसुन भले ही औषधीय गुणों से भरपूर हो, लेकिन गर्मी में इसका सेवन सोच-समझकर ही करें।
Also Read: सिर्फ सुंदरता ही नहीं, सेहत का भी आइना हैं नाखून, जानिए सफेद धब्बों का क्या है मतलब




