उत्तर प्रदेश

23 महीने बाद हुई बहुप्रतीक्षित मुलाकात, अखिलेश यादव ने रामपुर पहुंचकर आज़म ख़ान से की भेंट

Lucknow Focus News Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को रामपुर पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान से मुलाकात की। जेल से ज़मानत पर बाहर आने के बाद इन दोनों शीर्ष नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात थी, जो लगभग 23 महीने के बाद हुई है। उपचुनावों और आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र इस बहुप्रतीक्षित भेंट पर सबकी निगाहें टिकी थीं।

सपा कार्यकर्ताओं ने किया ज़ोरदार स्वागत

अखिलेश यादव जैसे ही रामपुर पहुंचे, सपा कार्यकर्ताओं ने उनका ज़ोरदार स्वागत किया और ‘अखिलेश ज़िंदाबाद, आज़म ज़िंदाबाद’ के नारे लगाए। पार्टी प्रमुख सीधे आज़म ख़ान के निवास पहुंचे।

यह भी बताया गया कि अखिलेश यादव ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह यह मुलाकात अकेले करेंगे। इसीलिए, उन्होंने मोहिबुल्ला को मुलाकात में शामिल नहीं किया और उन्हें बरेली में ही छोड़कर सड़क मार्ग से आने का निर्देश दिया।

प्रशासनिक मंजूरी में देरी से विलंब

अखिलेश यादव लखनऊ से चार्टर विमान द्वारा बरेली एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से उन्हें सड़क मार्ग द्वारा रामपुर पहुंचना था और दोपहर करीब 12:30 बजे आज़म ख़ान से मुलाकात होनी थी। हालांकि, प्रशासन ने अखिलेश को बरेली से सड़क मार्ग से रामपुर जाने की मंजूरी नहीं दी, जिसके कारण उनके रामपुर पहुंचने में देरी हुई।

आज़म ख़ान ने खुद अखिलेश यादव को जौहर यूनिवर्सिटी में रिसीव किया, जिसके बाद अखिलेश उन्हीं की गाड़ी में बैठकर उनके आवास पहुंचे। इस मुलाकात को पार्टी में आज़म ख़ान की कथित नाराज़गी और उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही अटकलों को शांत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button