लखनऊ

डिप्टी सीएम आवास के सामने संविदा एएनएम का उग्र प्रदर्शन, 2027 चुनाव में परिणाम भुगतने की चेतावनी

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ में संविदा और आउटसोर्सिंग महिला एएनएम (ANM) कर्मियों का गुस्सा सोमवार को सातवें आसमान पर पहुंच गया। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत महिलाओं ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के राजभवन कॉलोनी स्थित आवास का घेराव कर दिया और सड़क पर बैठकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि पिछले छह दिनों से लगातार ज्ञापन सौंपने और शांतिपूर्ण विरोध के बावजूद शासन-प्रशासन स्तर पर उनकी सुध नहीं ली जा रही है।

सड़क पर प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई: उग्र प्रदर्शन और यातायात बाधित होने की सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने सड़क पर बैठी महिला एएनएम कर्मियों को बलपूर्वक वहां से हटाते हुए बसों में भरकर इको गार्डन भेज दिया।

प्रमुख मांगें

सभी संविदा एएनएम कर्मियों को तुरंत नियमित/स्थाई किया जाए।

‘समान काम-समान वेतन’ का नियम लागू हो।

गृह जनपद (होम डिस्ट्रिक्ट) में तैनाती सुनिश्चित की जाए।

स्वास्थ्य बीमा और नियमित ईपीएफ अंशदान का लाभ दिया जाए।

कार्यस्थल पर सुरक्षा और शिकायतों के निस्तारण के लिए विशाखा गाइडलाइंस के तहत कमेटी का गठन हो।

आंदोलनकारी महिलाओं ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो उन्हें आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में इसके गंभीर राजनीतिक परिणाम भुगतने होंगे। उनका कहना है कि पहले भी कई बार डिप्टी सीएम को ज्ञापन दिए गए, लेकिन सिर्फ कोरे आश्वासन ही मिले हैं।

Related Articles

Back to top button