उत्तर प्रदेश

यूपी में धूप की राहत खत्म, अब ‘गलन’ करेगी बेहाल: मौसम विभाग ने जारी की कड़ाके की ठंड की चेतावनी

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से मिल रही मामूली राहत अब आफत में बदलने वाली है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कमजोर पड़ते ही पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि अगले 48 घंटों में दिन और रात के तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आएगी, जिससे प्रदेश में शीतलहर (Cold Wave) जैसे हालात पैदा होंगे।

मेरठ और बहराइच में रिकॉर्ड ठिठुरन

बीते 24 घंटों में उत्तर प्रदेश के 25 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे लुढ़क गया है। ठंडी हवाओं के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। मेरठ में न्यूनतम तापमान 4.1°C और बहराइच में 4.6°C दर्ज किया गया। नजीबाबाद में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री गिरकर मात्र 12.2°C रहा, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम था। मुजफ्फरनगर (5.8°C), अलीगढ़ (5.8°C), हमीरपुर (5.9°C) और बरेली (6.0°C) में भी पारा सामान्य से नीचे बना हुआ है।

‘कोल्ड डे’ और कोहरे की दोहरी मार

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, बर्फीली पछुआ हवाओं के सक्रिय होने से अब रात के साथ-साथ दिन में भी ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ के जाने के बाद नमी कम होगी और शुष्क ठंडी हवाएं गलन बढ़ाएंगी। तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी (दृश्यता) प्रभावित होगी। फतेहपुर, लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर जैसे जिलों में दिन का तापमान तेजी से गिरने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button