लखनऊ

नवाचार का असमंजस और कला: सुमन सिंह बोले- न्यू मीडिया आर्ट का उद्देश्य दर्शक से संवाद

Lucknow Focus News Desk: कला में प्रयोग और नवाचार को जितना आवश्यक माना जाता है, उतना ही परंपरा का निर्वहन भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में जब कोई नया माध्यम या अवधारणा सामने आती है, तो उसकी स्वीकार्यता और अस्वीकार्यता को लेकर बहस स्वाभाविक हो जाती है। गुरुवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के कला एवं शिल्प महाविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में नई दिल्ली से आए वरिष्ठ कला समीक्षक सुमन सिंह ने इसी संदर्भ में अपने विचार व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि लगभग तीन-चार दशक पूर्व जब एक्रेलिक रंग बाज़ार में आया, तब उसे लेकर कलाकारों के बीच असमंजस की स्थिति थी। उस समय कैनवास पर ऑयल कलर का ही प्रचलन था और अधिकांश कलाकार उसी को प्राथमिकता देते थे। लेकिन समय के साथ नई पीढ़ी ने एक्रेलिक माध्यम को अपनाया और आज अधिकांश प्रदर्शनियों में एक्रेलिक कृतियाँ प्रमुखता से दिखाई देती हैं।

क्या फोटोग्राफी कला है या मात्र तकनीक?

इसी प्रकार फोटोग्राफी के आगमन के बाद भी लंबे समय तक यह बहस चलती रही कि क्या फोटोग्राफी कला है या मात्र तकनीक। अंततः ‘कलात्मक फोटोग्राफी’ को मान्यता मिली और कला प्रदर्शनियों में छायाचित्रों को भी स्थान दिया जाने लगा। पेंटिंग, छापाचित्र, रेखांकन और मूर्तिकला के साथ फोटोग्राफी, इंस्टॉलेशन और आर्ट परफॉर्मेंस जैसी विधाओं को भी स्वीकृति मिली।

इसी क्रम में कला महाविद्यालय में “घर” विषय पर आधारित एक इंटरैक्टिव आर्ट इंस्टॉलेशन प्रस्तुत किया गया। इस आयोजन की जानकारी देते हुए भूपेंद्र कुमार अस्थाना ने बताया कि युवा प्राध्यापक अनिरुद्ध दिवाकर आचार्य अपने विद्यार्थियों की टीम के साथ एक सहभागितापरक कला सत्र में संलग्न थे।

दर्शक स्वयं बन जाता है सृजन प्रक्रिया का हिस्सा

इस इंटरेक्टिव सत्र में प्रतिभागियों को रेखाओं की भूलभुलैया के माध्यम से अपना “घर” खोजना होता था। यह प्रक्रिया बचपन के क्रॉसवर्ड या रास्ता खोजने वाले खेल जैसी थी, जिसमें संचालक प्रतिभागी को क्रमवार निर्देश देता है। अंकों और रेखाओं के इस जाल में प्रतिभागी प्रश्नों का उत्तर देते हुए आगे बढ़ता है और अंततः अनजाने में एक चित्र की रचना कर लेता है। इस प्रकार दर्शक स्वयं सृजन प्रक्रिया का हिस्सा बन जाता है।

अनिरुद्ध आचार्य ने बताया कि यह इंस्टॉलेशन एक सहभागितापरक खेल, नाटक और परफॉर्मेंस का समन्वय है, जिसका उद्देश्य “घर” की अवधारणा और उसके अर्थ की तलाश करना है। इसके अंतर्गत कला महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लखनऊ की सड़कों पर लगभग 400 लोगों से संवाद स्थापित किया, जिनमें मजदूर, ठेला-विक्रेता, शिक्षक, कलाकार, बच्चे, गृहिणियाँ, ऑटोचालक और विद्यार्थी शामिल थे।

प्रतिभागियों द्वारा निर्मित चित्रों को 24 फरवरी को कला एवं शिल्प महाविद्यालय में प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में उपस्थित कलाकारों और कला प्रेमियों ने भी इस प्रक्रिया में भाग लेकर चित्र रचे। इस प्रकार वे केवल दर्शक न रहकर आयोजन के सक्रिय प्रतिभागी बन गए।

घऱ और प्रवासन की अवधारणा

यह परियोजना “घर” और प्रवासन की अवधारणा पर आलोचनात्मक संवाद स्थापित करती है। प्रक्रिया के दौरान प्रस्तोता प्रतिभागियों से प्रवासन, आवागमन की स्वतंत्रता और स्वतंत्र इच्छा जैसे विषयों पर प्रश्न करता है। इससे ‘कलाकार’ और ‘गैर-कलाकार’ के बीच की दूरी कम होती है और सामान्य व्यक्ति भी कला-सृजन की प्रक्रिया का हिस्सा बनता है। साथ ही विद्यार्थियों को परिसर से बाहर निकलकर समाज के विविध वर्गों से जुड़ने का अवसर मिला।

परियोजना की शुरुआत सितंबर माह में हुई थी। विभिन्न सामग्रियों के साथ प्रयोग और विचार-विमर्श के बाद जनवरी में परीक्षाओं के उपरांत एक मुख्य टीम गठित की गई, जिसे संवाद और प्रस्तुति का प्रशिक्षण दिया गया। एक महीने के अभ्यास के बाद छात्र पूरी तरह तैयार हुए।

न्यू मीडिया आर्ट का मुख्य उद्देश्य दर्शक को कला से जोड़ना

सुमन सिंह ने कहा कि न्यू मीडिया आर्ट का मुख्य उद्देश्य दर्शक को कला से जोड़ना है। इंस्टॉलेशन से आरंभ होकर यह विधा अब ऑडियो-वीडियो आर्ट और आर्ट परफॉर्मेंस तक विकसित हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आर्ट परफॉर्मेंस को केवल नाटक या अभिनय समझना उचित नहीं है। नाटक में अभिनेता और दर्शक के बीच एक निश्चित दूरी होती है, जबकि आर्ट परफॉर्मेंस में दर्शक स्वयं प्रस्तुति का हिस्सा बन जाता है।

आयोजन में वर्कशीट का निर्माण ज्ञानेंद्र प्रताप शाह और कपिल शर्मा ने किया। सामग्री प्रबंधन की जिम्मेदारी सरोज शिखा, अंशिका सिंह, तनु गौतम, ऋतु पाल, अक्षत सिंह, आस्था राय और आस्था पांडेय ने निभाई। प्रदर्शन की जिम्मेदारी अमीषा, शिवांगी, आनंद कुमार, उत्कल पांडेय, खुशी वर्मा, देवेश गुप्ता और नेहा मित्तल ने संभाली। वहीं प्रस्तोता के रूप में मयंक रस्तोगी, प्रकृति शाक्य, गार्गी भारतीया और सौरभ ने प्रतिभागियों से संवाद स्थापित किया।

Also Read: कालीचरण पी.जी. कॉलेज में ‘वार्षिकोत्सव-2026’ की धूम: विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बोले- संभलकर चलें युवा

Related Articles

Back to top button