उत्तर प्रदेशलखनऊ

अटल जयंती पर पीएम मोदी ने देश को सौंपा ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’, कहा- विरासत का सम्मान ही विकसित भारत का आधार

Lucknow Focus News Desk: पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लखनऊ में नवनिर्मित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का भव्य लोकार्पण किया। इस दौरान पीएम मोदी ने देश की तीन महान विभूतियों अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विशाल कांस्य प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

लोकार्पण और म्यूजियम का अवलोकन

प्रतिमाओं के अनावरण के पश्चात प्रधानमंत्री ने परिसर में स्थापित भारत माता की प्रतिमा को नमन किया और नवनिर्मित डिजिटल म्यूजियम का भ्रमण किया। उन्होंने तीनों महापुरुषों के जीवन संघर्षों और उनके राष्ट्र निर्माण के विजन पर आधारित चलचित्रों का अवलोकन भी किया। समारोह के मुख्य मंच पर पहुँचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘अटल जी’ की लघु प्रतिमा भेंट कर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।

विरासत और विकास का संगम: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संबोधन में कहा कि पीएम मोदी ने हमेशा अपनी विरासत पर गौरव करने का मंत्र दिया है। उन्होंने जोर दिया कि डॉ. मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का जो सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री मोदी ने ही साकार किया है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि पीएम मोदी दुनिया के एकमात्र ऐसे नेता हैं जिन्हें 29 देशों का सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हुआ है।

अंत्योदय से आत्मनिर्भर भारत: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ और अटल जी के सपनों को मूर्त रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज भारत श्यामा प्रसाद मुखर्जी के “एक देश, एक विधान और एक निशान” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। सीएम योगी ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ते कदमों का प्रमाण है।

गरिमामय उपस्थिति

समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित कई केंद्रीय व राज्य स्तरीय मंत्री और भारी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।

Related Articles

Back to top button