OTT डेब्यू से पहले अभिनेता राम कपूर विवादों में, आपत्तिजनक बयान पर प्रमोशन से हटाए गए

Lucknow Focus News Desk: मशहूर टीवी और फिल्म अभिनेता राम कपूर इन दिनों अपनी आगामी ओटीटी वेब सीरीज़ ‘मिस्त्री’ को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन अब वे अपने एक विवादित बयान के चलते आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। खबरों के मुताबिक, राम कपूर को सीरीज के प्रमोशन कार्यक्रमों से हटा दिया गया है, क्योंकि उन्होंने मीडिया इंटरव्यू के दौरान कुछ आपत्तिजनक और असंवेदनशील टिप्पणियां कीं।
राम कपूर, जो छोटे पर्दे पर ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ जैसे सीरियल से घर-घर में पहचाने जाते हैं, अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वापसी कर रहे हैं। ‘मिस्त्री’ नाम की इस सीरीज में उनके साथ मोना सिंह भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। यह सीरीज उनके बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन के बाद पहला बड़ा प्रोजेक्ट मानी जा रही थी।
हालांकि, बीते दिनों मुंबई के जुहू स्थित एक होटल में आयोजित प्रमोशनल इवेंट में राम कपूर ने कथित तौर पर ऐसा बयान दे दिया जिससे माहौल बिगड़ गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इंटरव्यू के दौरान उन्होंने एक महिला पत्रकार की मौजूदगी में आपत्तिजनक मजाक करते हुए अपने काम के तनाव की तुलना “गैंगरेप जैसी स्थिति” से कर दी। यह टिप्पणी सुनकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और जियो हॉटस्टार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राम कपूर की बातचीत का लहजा बेहद अनप्रोफेशनल और अनुचित था। उनके मजाक, शब्दों की टोन और व्यवहार से कई लोग असहज हो गए। एक पत्रकार ने भी पुष्टि की कि राम कपूर ने यह टिप्पणी उनके सामने की, जब वे माइक सेट कर रही थीं।
यही नहीं, रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि राम ने जियो हॉटस्टार की पीआर टीम और कुछ कर्मियों के पहनावे को लेकर भद्दी टिप्पणियां कीं। एक अधिकारी के हवाले से बताया गया कि राम ने एक महिला सहयोगी की ड्रेस को देखकर आपत्तिजनक कमेंट किया, और यहां तक कह दिया कि “उस रात तुम्हारी मां को सिर दर्द का बहाना बना लेना चाहिए था, ताकि तुम पैदा ही न होते।”
इन गंभीर आरोपों के बाद जियो हॉटस्टार ने तत्काल एक्शन लेते हुए उन्हें प्रमोशनल गतिविधियों से बाहर कर दिया है। फिलहाल, राम कपूर की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
इस विवाद के चलते जहां ‘मिस्त्री’ सीरीज की रिलीज़ पर सस्पेंस बन गया है, वहीं OTT इंडस्ट्री में भी प्रोफेशनल आचरण को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
Also Read: शक्तिमान फिल्म को लेकर चर्चाएं जारी, डायरेक्टर बोले- रणवीर सिंह के बिना नहीं बन सकती ये फिल्म




