उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर जारी, बुंदेलखंड में पारा 45 डिग्री के पार, अगले तीन दिन तक राहत नहीं

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में तेज गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। खासतौर पर बुंदेलखंड के कई हिस्सों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के 24 जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है और अभी अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।

लू और गर्म पछुआ हवाओं का असर

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, इन दिनों प्रदेश में मौसम काफी शुष्क हो गया है, जिसकी वजह से तापमान तेजी से बढ़ रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में विशेष रूप से गर्म पछुआ हवाएं चल रही हैं, जो लू का रूप ले चुकी हैं।

राजधानी लखनऊ और इसके आसपास के जिलों में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। सोमवार को लखनऊ का तापमान बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रविवार को यह 41.4 डिग्री था। आने वाले दिनों में यहां भी उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

सबसे गर्म रहे ये जिले

सोमवार को सबसे अधिक तापमान आगरा और झांसी में रिकॉर्ड किया गया, जहां 45.9 डिग्री सेल्सियस तक पारा चढ़ गया। वहीं कानपुर देहात में भी तापमान 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। इन जिलों में लू के तीखे थपेड़े महसूस किए गए।

अगले तीन दिन की चेतावनीडॉ. सिंह ने बताया कि 10 जून तक पश्चिमी यूपी में ऑरेंज अलर्ट और पूर्वी यूपी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि गर्मी का असर और तेज होगा। इस दौरान न सिर्फ तापमान, बल्कि नमी (आर्द्रता) भी सामान्य से अधिक बनी रहेगी, जिससे घुटन भरी उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

11 जून से बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, 11 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं। यदि यह पूर्वानुमान सही बैठता है तो प्रदेश में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। लेकिन तब तक गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं है।

Also Read: CM योगी ने औरैया में किसानों से किया संवाद, मक्का खेती को बताया परिवर्तन का प्रतीक

Related Articles

Back to top button