बिजनेस

EPFO का बड़ा फैसला: अब 3 दिन में बिना कागज़ी कार्रवाई के मिलेंगे 5 लाख रुपये!

प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने करोड़ों मेंबर्स को बड़ी सुविधा देने की दिशा में अहम कदम उठाया है। अब PF खाताधारकों को 5 लाख रुपये तक की एडवांस निकासी केवल 3 दिनों में और बिना किसी दस्तावेजी प्रक्रिया के मिल सकेगी।

ऑटो-सेटलमेंट लिमिट में पांच गुना इजाफा

EPFO ने ऑटो क्लेम सेटलमेंट की लिमिट को ₹1 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख कर दिया है। यह फैसला खास तौर पर मेडिकल इमरजेंसी, घर की मरम्मत, शादी या बच्चों की उच्च शिक्षा जैसे जरूरी मौकों पर सदस्यों को जल्द फंड मुहैया कराने के लिए लिया गया है। इससे सीधे तौर पर 7.5 करोड़ से ज्यादा EPFO सदस्यों को फायदा होगा।

अब नहीं करनी होगी EPFO ऑफिस की दौड़

पहले जहां ₹1 लाख से ज्यादा की निकासी के लिए EPFO ऑफिस जाकर फिजिकल वेरिफिकेशन कराना जरूरी होता था, अब इस नई सीमा के बाद यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो गई है। यानी, बिना कागज़ी झंझट के, ऑनलाइन क्लेम करते ही सिर्फ 3 दिनों में पैसे खातों में ट्रांसफर हो जाएंगे। वित्त वर्ष 2023-24 में करीब 90 लाख लोगों ने ऑटो क्लेम सुविधा का लाभ उठाया था, जबकि यह आंकड़ा 2024-25 में 2 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। यह डिजिटल इंडिया की दिशा में EPFO की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

जल्द आएगा ATM और UPI से PF निकासी का विकल्प

EPFO नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के साथ मिलकर एक नया तकनीकी ढांचा तैयार कर रहा है। इसके तहत, जून 2025 से PF खातों से पैसे ATM और UPI के जरिए निकाले जा सकेंगे। यह सुविधा बिलकुल वैसी ही होगी जैसे बैंक अकाउंट से ATM या मोबाइल ऐप के जरिए पैसे निकाले जाते हैं।

CBT बैठक में लगेगी अंतिम मुहर

इस प्रस्ताव को लेकर जल्द ही सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें ATM और UPI सुविधा को अंतिम मंजूरी दी जा सकती है। यदि मंजूरी मिल जाती है, तो यह सुविधा देश के लाखों कर्मचारियों की फाइनेंशियल स्वतंत्रता में बड़ा बदलाव लाएगी।

Related Articles

Back to top button