देश

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में भीषण सड़क हादसा, 8 यात्रियों की मौत और 20 घायल, पीएम मोदी ने जताया दुख

Lucknow Focus News Desk: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58) पर गुलार बाजार (शिवपुरी) के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

सुबह 4:30 बजे हुआ हादसा, चमोली जा रही थी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 4 बजकर 30 मिनट पर हुई। बस में कुल 30 से 35 यात्री सवार थे, जो ऋषिकेश से चमोली की ओर जा रहे थे। जैसे ही बस गुलार बाजार और शिवपुरी के बीच स्थित पुल के पास पहुंची, चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे खाई में जा गिरी।

युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य जारी

हादसे की सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती, चौकी गूलर, चौकी शिवपुरी और ब्यासी का पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। ब्यासी और ढालवाला से एसडीआरएफ (SDRF) और फायर सर्विस की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

जिला मजिस्ट्रेट के अनुसार, बचाव दल ने अब तक 20 घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर सड़क मार्ग तक पहुंचाया और एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर और थाना प्रभारी मुनिकीरेती मौके पर कैंप किए हुए हैं और सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक

टिहरी गढ़वाल बस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा “उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक हादसे के कारण हुई जान-माल की हानि के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में, मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

उत्तराखंड में हाल ही में हुआ था हेलीकॉप्टर हादसा

गौरतलब है कि उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों में यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। हाल ही में जोशीमठ क्षेत्र में खराब मौसम के चलते एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था। बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा (देहरादून) जा रहा ‘ट्रांस भारत’ कंपनी का यह हेलीकॉप्टर चाई और थायंग गांव के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार सभी 6 लोगों की जान चली गई थी।

Related Articles

Back to top button