उत्तर प्रदेश

बुंदेलखंड में विकास की नई सुबह, मंत्री ए.के. शर्मा ने झांसी में 83.24 करोड़ की पेयजल योजनाओं का किया लोकार्पण

गुरसराय और गरौठा के 7,740 घरों को मिलेगा साफ पानी, डिफेंस कॉरिडोर और सौर ऊर्जा से खुलेंगे स्थानीय रोजगार के रास्ते

Lucknow Focus News Desk: बुंदेलखंड के विकास को नई गति देते हुए उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने झांसी जनपद में ₹83.24 करोड़ की लागत से तैयार गुरसराय और गरौठा की आधुनिक पेयजल योजनाओं का भव्य उद्घाटन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने से दोनों क्षेत्रों के लगभग 7,740 घरों में नियमित और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि यह परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों के स्वास्थ्य, सम्मान और बेहतर जीवन से जुड़ी एक संजीवनी है। इस परियोजना में आधुनिक जल शोधन (वाटर ट्रीटमेंट) और वितरण प्रणाली विकसित की गई है, जिससे हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचेगा। उन्होंने रेखांकित किया कि योगी सरकार के कार्यकाल में बुंदेलखंड में पेयजल, निर्बाध बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर पर ऐतिहासिक काम हो रहा है। क्षेत्र में सौर ऊर्जा (सोलर पावर) परियोजनाओं पर काम तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बुंदेलखंड जल्द ही ऊर्जा के क्षेत्र में देश का एक नया हब बनेगा।

मंत्री शर्मा ने क्षेत्र के आर्थिक बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि बुंदेलखंड में बन रहा डिफेंस कॉरिडोर और सौर ऊर्जा प्लांट यहां निवेश और रोजगार के अभूतपूर्व अवसर ला रहे हैं। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि इन परियोजनाओं का सीधा लाभ स्थानीय युवाओं को मिले, ताकि क्षेत्र से होने वाला पलायन हमेशा के लिए रुक सके। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को उच्च शिक्षा और कौशल विकास (स्कील डेवलपमेंट) से जोड़ने की अपील की, ताकि आने वाले समय में कंपनियां स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित कर सीधे रोजगार दे सकें।

समारोह के दौरान गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में स्थापित हो रहे उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिससे युवाओं को अपने घर के पास ही आजीविका मिल सके और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत हो। इस ऐतिहासिक अवसर पर 3,000 से अधिक स्थानीय नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

Also Read: नई पीढ़ी में देशभक्ति जगाना अकादमी का मूल उद्देश्य, देश की रक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी: डॉ. हाशमी

Related Articles

Back to top button