Weather Update: उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी का कहर जारी, 11 जून से मिल सकती है राहत

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश इस समय जबरदस्त गर्मी की चपेट में है। सूरज की तेज़ किरणें सुबह से ही लोगों को झुलसाने लगी हैं और मानो आसमान से आग बरस रही हो। पूरे प्रदेश में लू और उमस ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है। रविवार को आगरा, झांसी, उरई और प्रयागराज राज्य के सबसे गर्म जिले रहे।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दो दिनों में गर्मी और भी तीव्र हो सकती है। अधिकतम तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। हालांकि राहत की खबर यह है कि 11 जून से मौसम का मिजाज बदल सकता है और कई हिस्सों में बारिश की शुरुआत होगी।
कहाँ-कहाँ है हीट वेव का अलर्ट?
मौसम विभाग ने आज पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की बात कही है। कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चल सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मौसम शुष्क रहेगा। बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में लू की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। इन इलाकों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
आज इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। इटावा, औरैया, जालौन, कानपुर, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज, मीरजापुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र।
10 जून को भी वाराणसी और कानपुर जैसे जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि वे दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, शरीर को हाइड्रेट रखें और छाया में रहें।
11 जून से बदलेगा मौसम का रुख
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 11 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम करवट लेगा। गोंडा, गोरखपुर, कुशीनगर और आसपास के जिलों में तेज बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
रविवार को सबसे गर्म जिले कौन से रहे?
आगरा: 44.8°C
झांसी: 44.7°C
प्रयागराज: 43.8°C
आगामी दो दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री और बढ़ोतरी संभव है, लेकिन इसके बाद जैसे ही बारिश शुरू होगी, तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है।
Also Read: CM योगी ने औरैया में किसानों से किया संवाद, मक्का खेती को बताया परिवर्तन का प्रतीक




