मेरठ में पीएम मोदी की रैली 22 फरवरी को, सुबह 8 से शाम 6 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू

Lucknow Focus News Desk: 22 फरवरी को मेरठ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह 8:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान भारी (कमर्शियल) वाहनों के साथ कई प्रमुख मार्गों पर निजी कारों और बसों के लिए भी रूट परिवर्तन किया गया है।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
राजनगर एक्सटेंशन, दुहाई, मुरादनगर और मोदीनगर की ओर से आने वाले भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इन्हें Delhi–Meerut Expressway या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से डायवर्ट किया जाएगा।
सठेड़ी पुलिस चौकी पुल से भारी वाहन एनएच-58 के जरिए आगे बढ़ सकेंगे। टियाला अंडरपास से वाहनों को किठौर–परीक्षितगढ़ होते हुए बिजनौर/मुजफ्फरनगर की ओर मोड़ा जाएगा।
बिजली बंबा चौराहा से शाप्रिक्स मॉल की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। परतापुर इंटरचेंज और काशी टोल प्लाजा पर भी भारी वाहनों पर विशेष पाबंदी रहेगी।
मेरठ–परतापुर से मोदीनगर मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। मेरठ–मोदीनगर–दिल्ली मार्ग पर सामान्य यातायात नहीं चलेगा।
दिल्ली से मेरठ और मेरठ से दिल्ली के लिए वैकल्पिक रूट
रुड़की रोड–मोदीपुरम पुल–सरधना पुल–रोहटा पुल–बागपत पुल होते हुए एनएच-58 और काशी टोल प्लाजा के जरिए दिल्ली-Meerut एक्सप्रेस-वे से जा सकेंगे। बिजली बंबा चौराहे से होते हुए हापुड़–दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे मार्ग भी खुला रहेगा। दिल्ली-Meerut एक्सप्रेस-वे से काशी टोल प्लाजा होकर एनएच-58 के जरिए शहर में प्रवेश संभव होगा। हापुड़–बिजली बंबा मार्ग भी वैकल्पिक रहेगा। दिल्ली रोड से मेरठ शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आपातकालीन सेवाएं और एम्बुलेंस इस दौरान निर्बाध रूप से संचालित होंगी।
मेरठ के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अभी तक दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक संचालित हो रही दिल्ली-मेरठ RRTS की नमो भारत रेल अगले तीन दिनों में सराय काले खां तक पहुंचने लगेगी।
अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को सराय काले खां से बेगमपुल तक ट्रेन का ट्रायल रन किया जाएगा। उद्घाटन के बाद आम यात्रियों के लिए कॉरिडोर खोल दिया जाएगा। इससे सराय काले खां मेगा ट्रांसपोर्ट हब पर भारतीय रेलवे, दिल्ली मेट्रो और बस सेवाओं से सीधा कनेक्शन मिल सकेगा। मेरठ साउथ से आगे बेगमपुल स्टेशन तक सफर संभव होगा।




