सर्व सेवा संघ पर जबरिया कब्जा स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों का अपमान -चौधरी


सपा के राष्ट्रीय सचिव बोले-राष्ट्रवाद का माला जपने वाली भाजपा सरकार देश से माफी मांगे
लखनऊ फोकस न्यूज
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा है कि गाँधी विद्या संस्थान और सर्व सेवा संघ, राजघाट, वाराणसी पर पुलिस के बल पर किया गया जबरिया सरकारी कब्जा स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों का अपमान है। स्वतन्त्रता का सम्मान करने वाला कोई भी संवेदनशील आदमी इस महानायकों के इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रवाद का माला जपने वाली भाजपा सरकार अपने इस कुकृत्य के लिए सम्पूर्ण देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और इस परिसर को सम्मान के साथ सर्व सेवा संघ को वापस कर दे।
बुधवार को पत्रकारों और समाजवादी कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए सपा के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने कहा है कि बापू के सपनों को जनजन तक पहुंचाने के लिए आजादी के महानायक लोकनायक जय प्रकाश नारायण ने छः दशक पहले संत विनोबा भावे की तपोभूमि सर्व सेवा संघ, राजघाट, वाराणसी परिसर में गाँधी विद्या संस्थान की स्थापना की थी। डाक्टर राजेंद्र प्रसाद, लाल बहादुर शास्त्री और बाबू जगजीवन राम जैसे महापुरुष भी इस नेक कार्य में शामिल रहे। उन्होंने कहा है कि डबल इंजन की सरकार भी इस सच से वाक़िफ़ है। फिर भी उसने इस जमीन पर काबिज होने का कुचक्र रचा और 22 जुलाई को पुलिस के बल पर जबरिया कब्जा कर लिया।
रामगोविन्द चौधरी ने देश और विशेषकर उत्तर प्रदेश के समस्त स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी उनके आश्रितों सामाजिक कार्यकर्ताओं, लोकतंत्र रक्षक सेनानियो, छात्रों , युवाओं, व्यापारियों, किसानो से देश के आजादी के प्रतीकों को मिटाने एवं सेनानियो के सपने को मटियामेट करने वाली सरकारी के एकजुट होने और आवाज बुलन्द करने की अपील किया।




