उत्तर प्रदेश

UP Weather Update: यूपी में अब छूटेगा पसीना! 5 डिग्री तक बढ़ेगा पारा, प्रयागराज और वाराणसी सबसे गर्म, लू चलने का अलर्ट

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ और बारिश से मिली राहत अब पूरी तरह खत्म होने वाली है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि मंगलवार के बाद प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा। पछुआ हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ते ही सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं, जिससे अगले एक सप्ताह के भीतर तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

प्रयागराज रहा प्रदेश का सबसे गर्म शहर

रविवार को रिकॉर्ड किए गए आंकड़ों के मुताबिक, संगम नगरी प्रयागराज में पारा 39.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं, वाराणसी 39.3 डिग्री के साथ दूसरे नंबर पर रहा। बांदा में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक 25.2 डिग्री दर्ज किया गया।

10 दिनों तक शुष्क रहेगा मौसम: मौसम विभाग

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले 10 दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। आसमान साफ रहने और हवाओं के कमजोर पड़ने से दिन और रात, दोनों के तापमान में लगातार वृद्धि होगी। किसी सक्रिय वेदर सिस्टम के न होने के कारण कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

राजधानी लखनऊ में चुभने लगी धूप

लखनऊ में भी गर्मी का असर साफ दिखने लगा है। पिछले तीन दिनों में ही दिन के तापमान में 6 डिग्री से ज्यादा का उछाल आया है। रविवार को यहाँ अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री और न्यूनतम पारा 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि जल्द ही लखनऊ का औसत तापमान भी 40 डिग्री की दहलीज को पार कर जाएगा।

किसानों और आम जनता के लिए अलर्ट

खेतों में गेहूं की कटाई कर रहे किसानों के लिए बढ़ती तपिश मुसीबत बन सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने लू (Heatwave) जैसी स्थितियां बनने की आशंका जताई है। दोपहर के समय सीधी धूप से बचने और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी गई है।

Also Read: अलविदा आशा ताई: राजकीय सम्मान के साथ आज होगा अंतिम संस्कार, शिवाजी पार्क में पंचतत्व में विलीन होंगी सुरों की मलिका

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button