उत्तर प्रदेश

यूपी के 16 जिलों में शुरू हुआ फाइलेरिया उन्मूलन अभियान, सीतापुर से हुई स्टेट लॉन्चिंग, डीएम व विधायकों ने खुद दवा खाकर दिया सुरक्षा का संदेश

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश को फाइलेरिया (हाथीपांव) से मुक्त करने के लिए गुरुवार से राज्य के 16 जनपदों में सर्वजन दवा सेवन (MDA) अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। इस राज्यव्यापी अभियान की स्टेट लॉन्चिंग सीतापुर से की गई। इस दौरान अभियान के कुल ब्लॉकों में से करीब 40 प्रतिशत ब्लॉक अकेले सीतापुर और फतेहपुर में होने पर चिंता जताते हुए दोनों जनपदों में शत-प्रतिशत पात्र लोगों को दवा खिलाने का संकल्प लिया गया।

सीतापुर डीएम ने खुद दवा खाकर दिलाया भरोसा

सीतापुर के परसेंडी ब्लॉक स्थित श्री कृष्ण कॉलेज ऑफ फार्मेसी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा खाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि “जब रामपुर फाइलेरिया मुक्त हो सकता है, तो सीतापुर या कोई अन्य जिला क्यों नहीं? जरूरत बस दृढ़ संकल्प की है।” इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय संस्था ईसाई (EiSAI) और गेट्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने राही गांव का भ्रमण भी किया।

कुल 53 ब्लॉकों में से 21 अकेले फतेहपुर और सीतापुर में

राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने बताया कि इस बार प्रदेश के 16 जिलों के कुल 53 ब्लॉकों में एमडीए अभियान चलाया जा रहा है। इनमें अकेले फतेहपुर के 11 ब्लॉक और सीतापुर के 10 ब्लॉक शामिल हैं। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे न केवल स्वयं दवा खाएं, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।

विभिन्न जिलों में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने की पहल

अभियान के प्रति आमजन का विश्वास बढ़ाने के लिए कई जिलों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं दवा का सेवन कर उदाहरण पेश किया।

फतेहपुर: विधायक विकास गुप्ता ने स्वयं दवा खाकर अभियान का आगाज किया।

शाहजहांपुर: तिलहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में विधायक सलोना कुशवाहा ने दवा खाकर अभियान में सहभागिता की।

उन्नाव: एसडीएम शालिनी तोमर और दिल्ली से आए नेशनल सेंटर फॉर वेक्टर बोर्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम के उप सचिव दीप पंत ने दवा का सेवन किया। टीम ने सीएचसी हसनगंज और मौला बाकीपुर गांव का निरीक्षण भी किया।

कानपुर व हरदोई: कानपुर के बिधनू ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार कोरी और हरदोई के सांडी ब्लॉक में प्रमुख अनिल सिंह राजपूत ने दवा खाकर जनता से अभियान को सफल बनाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button