‘धड़क 2’ का नया पोस्टर आउट: सिद्धांत-तृप्ति की जोड़ी ने बढ़ाया फैंस का दिलचस्पी का तापमान, ट्रेलर 11 जुलाई को

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक फिल्म ‘धड़क 2’ का नया पोस्टर सामने आ गया है, और इसे देखकर फिल्मप्रेमियों के दिलों की धड़कनें तेज हो गई हैं। इस बार कहानी में जान डालने आ रहे हैं दो टैलेंटेड चेहरे सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी, जिनकी केमिस्ट्री पोस्टर में ही बेमिसाल लग रही है।
पोस्टर में सिद्धांत की आंखों में जहां जुनून की चमक नजर आती है, वहीं उनके चेहरे पर एक गहरी संवेदनशीलता भी झलकती है। दूसरी ओर, तृप्ति की शांत लेकिन मजबूत मौजूदगी इस कहानी को एक अलग ही गंभीरता और भावनात्मक गहराई देती है। इन दोनों के बीच की चुप्पी भी बहुत कुछ कहती है शायद एक अधूरी, असामान्य लेकिन दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी।
फिल्म का ट्रेलर इस शुक्रवार यानी 11 जुलाई को रिलीज होगा
पोस्टर जारी होने के साथ ही फिल्म के ट्रेलर की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है। फैंस के लिए राहत की बात यह है कि अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा – 11 जुलाई को ट्रेलर रिलीज होगा, और फिल्म 1 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
म्यूजिक भी बनेगा चर्चा का हिस्सा
सिद्धांत चतुर्वेदी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म के संगीत को लेकर एक रहस्यमयी लेकिन बेहद दिलचस्प हिंट भी शेयर किया है। उन्होंने लिखा “शैलेन्द्र की कविता, भगत सिंह का शेर, किशोर कुमार की आवाज, थॉमस जेफरसन के शब्द, थोड़ा SRK और बुडापेस्ट में म्यूजिक ऑर्केस्ट्रेशन…”
इन पंक्तियों से साफ है कि फिल्म का म्यूजिक सिर्फ बैकग्राउंड नहीं, बल्कि कहानी की आत्मा होने वाला है।
‘धड़क 2’ क्या है सिर्फ लव स्टोरी?
नहीं, यह सिर्फ दो दिलों की कहानी नहीं है। ‘धड़क 2’ पहचान, समाज में अपनी जगह और प्यार की कीमत जैसे गहरे और भावुक विषयों को छूने जा रही है। डायरेक्टर शाजिया इकबाल के निर्देशन में बनी यह फिल्म, इस साल की सबसे दिलचस्प और महत्वाकांक्षी रोमांटिक ड्रामा मानी जा रही है।
फिल्म में सिद्धांत की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस, तृप्ति का संवेदनशील अभिनय और लाजवाब संगीत मिलकर दर्शकों को एक ऐसी सिनेमाई यात्रा पर ले जाएंगे, जिसे वे लंबे समय तक भूल नहीं पाएंगे।




