यूपी के मतदाताओं को बड़ी राहत: अब 6 मार्च तक वोटर लिस्ट में जुड़वा सकेंगे नाम; चुनाव आयोग ने बढ़ाई डेडलाइन

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने एक बड़ा ऐलान किया है। प्रदेश में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या नाम कटवाने के लिए पहले तय की गई 6 फरवरी की समय सीमा को अब बढ़ाकर 6 मार्च 2026 कर दिया गया है। यानी अब आपके पास पूरे एक महीने का अतिरिक्त समय है।
क्यों बढ़ाई गई समय सीमा?
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश भर से भारी संख्या में ‘फॉर्म-6’ (नया नाम जोड़ने के लिए) प्राप्त हो रहे हैं। सिर्फ 5 फरवरी के आंकड़ों को देखें तो एक ही दिन में रिकॉर्ड 3,51,745 आवेदन आए। इतनी बड़ी संख्या में आ रहे आवेदनों और राजनीतिक दलों की मांग को देखते हुए चुनाव आयोग ने भारत निर्वाचन आयोग से समय बढ़ाने की सिफारिश की थी, जिसे मंजूरी मिल गई है।
महत्वपूर्ण तारीखें और प्रक्रिया
अब नई व्यवस्था के अनुसार मतदाता सूची से जुड़ा पूरा शेड्यूल कुछ इस तरह होगा।
दावा और आपत्ति जमा करने की अंतिम तिथि: 6 मार्च 2026
नोटिस और आपत्तियों का निस्तारण: 27 मार्च 2026 तक
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 10 अप्रैल 2026
बीएलओ (BLO) की मौजूदगी: आपके क्षेत्र के बीएलओ हर रोज सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संबंधित पोलिंग स्टेशन पर मौजूद रहेंगे।
नाम कटवाने के खेल पर लगेगी लगाम
अक्सर ऐसी शिकायतें आती हैं कि कुछ लोग साजिश के तहत दूसरे मतदाताओं का नाम कटवा देते हैं। इस पर सख्ती बरतते हुए निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अब ‘फॉर्म-7’ (नाम कटवाने के लिए) के साथ अपना वोटर कार्ड देना अनिवार्य होगा और ठोस कारण भी बताना पड़ेगा। एक साथ थोक में फॉर्म-7 स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
करोड़ों मतदाताओं को भेजे जा रहे हैं नोटिस
राज्य में डेटा की शुद्धता को लेकर बड़े स्तर पर काम चल रहा है। करीब 3.26 करोड़ ऐसे मतदाता चिन्हित किए गए हैं जिनकी जानकारी में कुछ ‘तार्किक विसंगतियां’ हैं (जैसे पिता और पुत्र की आयु में 15 साल से कम का अंतर)। इनमें से 2.37 करोड़ नोटिस जनरेट किए जा चुके हैं। 86.27 लाख नोटिस लोगों को मिल चुके हैं। 30.30 लाख मामलों में सुनवाई भी पूरी हो चुकी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनता से अपील की है कि वे इस बढ़े हुए समय का लाभ उठाएं और यह सुनिश्चित करें कि उनका और उनके परिवार का नाम सही-सही मतदाता सूची में दर्ज है। यदि आपके पास कोई नोटिस आता है, तो तय समय पर अपनी आपत्ति या स्पष्टीकरण जरूर दर्ज कराएं।




