चबूतरा थियेटर में मना हिंदी रंगमंच दिवस


लखनऊ फोकस ब्यूरो
लखनऊ। राजधानी में सोमवार को विश्व हिंदी रंगमंच दिवस के अवसर पर चबूतरा थियेटर पाठशाला में हिंदी रंगमंच दिवस मनाया गया। इस मौके पर ‘त्रासदी का सिनेमा’ का शुभारंभ भी हुआ। युवा रंगकर्मी महेश चंद्र देवा ने बच्चों को अभिनय की बारीकियां सिखाईं। इस मौके पर 1861 में बनारस में मंचित नाटक जानकी मंगल, भारतेंदु हरिश्चंद्र की अंधेर नगरी के बारे में कलाकारों को जानकारियां दी गईं। महेश चंद्र देवा ने रंगमंच के विभिन्न पहलुओं से बच्चों को अवगत करवाया। कार्यक्रम में अमन, ॠतिक, सोनाली, पलक, पल्लवी, नीलिमा, आर्यन, काजल, शिखा, नैंसी, खुशी आदि कलाकार शामिल हुए।
चबूतरा थियेटर रंगकर्मी महेश चंद्र देवा चलाते हैं, जिसमें मलिन बस्तियों के गरीब बच्चों को रंगकर्म के बारे में बताया एवं सिखाया जाता है। यह शिक्षण कार्य महेश चंद्र देवा निःशुल्क करते हैं बदले में बच्चों से कोई शुल्क नहीं लेते। एक दशक पहले 2013 में शुरू किए गए इस अभिनय स्कूल से निकले कई बच्चे अभिनय के क्षेत्र में अपनी खास पहचान बना चुके हैं।




