यूपी की बड़ी उपलब्धि: देश के प्रतिष्ठित ‘2 गीगावाट रूफटॉप सोलर क्लब’ में हुआ शामिल

Lucknow Focus News Desk : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक मील का पत्थर छू लिया है। राज्य में घरेलू रूफटॉप सौर ऊर्जा (Domestic Rooftop Solar) की स्थापित क्षमता 2 गीगावाट (GW) के पार पहुंच गई है। इस शानदार कामयाबी के साथ ही उत्तर प्रदेश अब देश के उन चुनिंदा और प्रतिष्ठित राज्यों के क्लब में शामिल हो गया है, जहाँ पहले केवल गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्य ही काबिज थे।
‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का कमाल
इस ऐतिहासिक सफलता का सबसे बड़ा श्रेय ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता की बढ़ती भागीदारी को जाता है। योजना के तहत प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं ने अपने घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगवाकर स्वच्छ और सस्ती बिजली को अपनाया है।
यूपी नेडा के रविंदर सिंह ने बताया “यह उपलब्धि सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते मजबूत कदमों का प्रतीक है। घरेलू रूफटॉप सोलर के इस विस्तार से आम जनता को बिजली बिलों में भारी राहत मिल रही है और साथ ही पर्यावरण को भी बड़ा फायदा हो रहा है।”
टीम वर्क से बना ‘जन-आंदोलन’
उत्तर प्रदेश को इस मुकाम तक पहुंचाने में विभिन्न विभागों और संस्थाओं के आपसी समन्वय ने बड़ी भूमिका निभाई है। इस सफलता के पीछे मुख्य स्तंभ रहे हैं:
- यूपीनेडा (UPNEDA) के इम्पैनल्ड वेंडर्स
- विद्युत विभाग के समर्पित अधिकारी और कर्मचारी
- बैंकिंग संस्थान (जिन्होंने आसान लोन उपलब्ध कराए)
- प्रदेश के लाखों जागरूक उपभोक्ता
अग्रणी राज्यों को चुनौती देने की तैयारी
‘पीएम सूर्य घर योजना’ के जरिए यूपी में घरेलू सौर ऊर्जा का दायरा बेहद तेजी से बढ़ रहा है। अधिकारियों का मानना है कि जिस रफ्तार से उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है, उसे देखते हुए वह आने वाले कुछ ही महीनों में रूफटॉप सोलर के क्षेत्र में देश के शीर्ष राज्यों को पीछे छोड़ते हुए नई ऊंचाइयों को छू लेगा। यह उपलब्धि राज्य के ग्रीन एनर्जी (Green Energy) और आत्मनिर्भर भविष्य के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित होगी।




