Mayawati on Bakrid: मायावती ने दी बकरीद की बधाई, बोलीं- ‘हम मंदिर-मस्जिद में बांटकर राजनीति करने के खिलाफ

Lucknow Focus News Desk: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने देश और प्रदेशवासियों को ईद-उल-अज़हा (बकरीद) के पावन त्योहार की दिली मुबारकबाद दी है। बृहस्पतिवार को जारी अपने एक विशेष बधाई संदेश में बसपा सुप्रीमो ने न केवल इस त्योहार के आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित किया, बल्कि देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बसपा धर्म और आस्था के नाम पर समाज को बांटने वाली राजनीति के सख्त खिलाफ है।
कुर्बानी का त्योहार देता है भाईचारे और इंसानियत का पैगाम
मायावती ने अपने संदेश में त्योहार की मूल भावना पर जोर देते हुए कहा “कुर्बानी का यह पाक त्योहार हमें त्याग, आपसी भाईचारे और इंसानियत का पैगाम देता है। आज जब देश में नफरत की राजनीति हावी हो रही है और भाई को भाई से लड़ाने की कोशिशें की जा रही हैं, ऐसे समय में ईद का यह अमन और मोहब्बत का संदेश और भी ज्यादा प्रासंगिक और जरूरी हो जाता है।”
‘मंदिर-मस्जिद की राजनीति के खिलाफ हैं हम’
केंद्र और राज्यों की मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को जोड़ने वाली ताकतों की जरूरत है, न कि तोड़ने वाली शक्तियों की। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों का हवाला देते हुए कहा बाबा साहब का संविधान हमें सिखाता है कि इस देश में हर नागरिक बराबर है, चाहे उसका मजहब कोई भी हो या जाति कोई भी हो। “हम उस राजनीति के पूरी तरह खिलाफ हैं जो मंदिर-मस्जिद में लोगों को बांटकर वोट मांगती है। हम उस अखंड भारत के संकल्प के साथ हैं जहां ईद, दिवाली और होली, सब मिलकर भाईचारे के साथ मनाए जाते हैं। भारत एक रहे और मजबूत रहे, यही हमारा सपना है।”
बसपा के 4 बार के शासनकाल को किया याद: ‘हर दिल में अमन, हर बस्ती में खुशहाली’
इस अवसर पर मायावती ने उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के पुराने शासनकाल की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की याद दिलाई। उन्होंने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि बसपा के चार बार के मुख्यमंत्री काल में प्रदेश के भीतर हर घर में बरकत, हर दिल में अमन और हर बस्ती में खुशहाली का माहौल था।
उन्होंने दोहराया कि बसपा अपनी ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ और सर्वसमाज-हितैषी सरकार के संकल्प के लिए आज भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमें आने वाले समय में एक बार फिर उत्तर प्रदेश को वैसा ही भयमुक्त और समृद्ध प्रदेश बनाना है।




